कासगंज: कछला ब्रिज पर गंगा नदी में बढ़ा जलस्तर...क्या आ सकती है बाढ़? जानें स्थिति

कासगंज: कछला ब्रिज पर गंगा नदी में बढ़ा जलस्तर...क्या आ सकती है बाढ़? जानें स्थिति
कछला गंगा नदी पर पानी के गेज में हुई बढ़ोतरी

कासगंज, अमृत विचार। बीते कई दिनों से कछला पुल पर गंगा नदी में स्थिर चले आ रहे पानी के गेज में शनिवार को बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार के सापेक्ष शनिवार को जलस्तर 45 सेंटीमीटर बढ़ा है, लेकिन जिले में हालात सामान्य है। बरोना पर सिंचाई विभाग द्वारा बाढ़रोधी कार्य तेजी के साथ किए जा रहे हैं। शुक्रवार को नरौरा बैराज पानी का डिस्चार्ज भी बढ़ा। 

घटते, बढ़ते जलस्तर के बाद कछला पुल पर गंगा नदी में जलस्तर सामान्य हो गया था। बीते कई दिनों से गंगा में पानी का गेज 162.15 सेंटीमीटर तक स्थित था, लेकिन शनिवार को बैराजों से छोड़े गए पानी के बाद कछला ब्रिज पर गंगा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। 45 सेंटमीटर पानी बढ़ जाने के बाद पानी का गेज 162.60 सेंटीमीटर रिकॉर्ड किया गया है।

गंगा में बढ़ते जलस्तर ने पटियाली क्षेत्र के गांव बरोना के बांध पर भी दबाव बनाया है, लेकिन जिले में गंगा सामान्य बह रही है। फिलहाल बाढ़ की कोई संभावना नहीं दिख रही है। इसके बावजूद भी सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन किसी भी विषम परिस्थितियों में निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं। राजस्व और ग्राम पंचायत विभाग के कर्मचारी भी निगरानी बनाए हुए हैं। 

शनिवार को बैराजों से पानी का डिस्चार्ज 
हरिद्वार बैराज : 46147 क्यूसेक 
बिजनौर बैराज : 40952 क्यूसेक 
नरौरा बैराज : 31900 क्यूसेक 

जिले में गंगा सामान्य बह रही है। शनिवार को कछला गंगा नदी पर पानी के जलस्तर में 45 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। बाढ़ की कोई संभावना नहीं है। बावजूद इसके भी पूरी सतर्कता बरती जा रही है। -राकेश कुमार पटेल, एडीएम