प्रयागराज: भाजपा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर सपा और कांग्रेस के झूठ का करना होगा पर्दाफाश- दिलीप पटेल

काशी क्षेत्र के कार्यसमिति की बैठक में पदाधिकारियों ने किया गहन मंथन, उप चुनाव में जीत का भरा दम 

प्रयागराज: भाजपा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर सपा और कांग्रेस के झूठ का करना होगा पर्दाफाश- दिलीप पटेल
भाजपा काशी क्षेत्र के कार्य समिति की बैठक को संबोधित करते क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल एवं मंचासीन अन्य पदाधिकारी गण

झूंसी, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी के काशी क्षेत्र के कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को झूंसी के अंदावा स्थित होटल में आयोजित की गई। बैठक में काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी की ओर से फैलाए गए झूठ का पर्दाफाश करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर यह भरोसा दिलाना होगा कि देश और राज्य की भाजपा की सरकार सभी वर्ग व जाति धर्म के लोगों को ध्यान में रखकर समान रूप से विकास कार्य कर रही है।

अंदावा स्थित होटल त्रिवेणी संगम में भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र कार्य समिति की बैठक के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य रहे। अध्यक्ष दिलीप पटेल ने आगे कहा कि कहा कि काशी क्षेत्र की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार सांसद बनाकर देश का प्रधानमंत्री बनाया है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को मैं बधाई देता हूं। भाजपा कार्यकर्ता ही पहले देश फिर दल और उसके बाद स्वयं की बात करता है। आजादी के बाद केवल भारतीय जनता पार्टी ने ही देश के लिए बलिदान दिया है।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक देश में दो विधान तथा दो निशान नहीं चलने की बात कही और अपने प्राणों की आहुति दे दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा 370 को हटाया तथा अयोध्या में राम मंदिर बनाकर कई सौ साल का सपना पूरा किया। 2014-17 व 22 तथा नगर निगम व पंचायत के चुनाव में भाजपा ने शानदार नतीजे हासिल किए। सपा और कांग्रेस जैसी परिवारवादी व जातिवादी पार्टी ने भ्रम फैला कर वोट लेने का प्रयास किया। 

क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी ने कहा कि हम एससी और ओबीसी आरक्षण के लिए कटिबध हैं। सपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि दलित और पिछड़ों का हितैषी बनने का ढोंग करने वाली ये पार्टियां जब सत्ता में आती हैं तो सब भूल जाती हैं। क्षेत्रीय महामंत्री संतोष पटेल ने कहा कि अतीत में किन संघर्षों के बाद हमारी सरकार आई है,यह हमें भूलना नहीं है। प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में सबसे ज्यादा घोटाले हुए। 

मंत्री शंकर गिरि ने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। नई ऊर्जा के साथ हमें क्षेत्र में जाना है और 2027 में फिर से पूर्ण बहुमत में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनानी है। मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री व राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने कहा कि दुनिया के देशों में हमारा देश अपनी संस्कृति से जाना जाता है। बीच में ऐसा भी समय है जब हमारी संस्कृति को कुचलने का प्रयास किया गया लेकिन हमारा देश वह देश है जिसने सिकंदर को भी पराजित कर दिया। भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता अपनी संस्कृति के बारे में सोचता है। कांग्रेस का झूठा प्रचार करने का इतिहास रहा है। उनके झूठ का पर्दाफाश भी भाजपा कार्यकर्ता को ही करना है। 

इस मौके पर प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी, महामंत्री अशोक चौरसिया, प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मला पासवान, क्षेत्रीय अध्यक्ष युवा मोर्चा शैलेंद्र मौर्य,सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल, गंगापार अध्यक्ष कविता पटेल,जिला प्रभारी उत्तर मौर्य, महानगर राजेंद्र मिश्रा, यमुनापार अध्यक्ष विनोद प्रजापति, महापौर गणेश केसरवानी, जिला उपाध्यक्ष किरन त्रिवेदी, जिला उपाध्यक्ष अनिरुद्ध पटेल,विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य,पूर्व विधायक प्रभाशंकर पांडेय, पूर्व विधायक दीपक पटेल,पूर्व जिला अध्यक्ष अमरनाथ तिवारी, पूर्व जिला कन्हैया लाल पांडेय, महामंत्री मनोज निषाद, मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी, विवेक मिश्रा, निमिष खत्री आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- प्रयागराज: व्रत में युवक के लिए आलू बना जानलेवा, 72 घंटे बाद डॉक्टरों ने गले से निकाला