देवप्रयाग: गुलदार ने 17 वर्षीय किशोर को बनाया निवाला, लोग बोले गोली मारो

देवप्रयाग: गुलदार ने 17 वर्षीय किशोर को बनाया निवाला, लोग बोले गोली मारो

देवप्रयाग, अमृत विचार। गुरुवार देर रात गुलदार ने एक 17 वर्षीय किशोर को निवाला बना लिया। किशोर का क्षत-विक्षत शव कई घंटे की खोजबीन के बाद घटनास्थल से काफी दूरी पर देर रात स्थानीय लोगों और वन विभाग की टीम ने बरामद किया। वहीं, आज सुबह करीब साढ़े पांच बजे गुलदार को पिंजरे में कैद करने में सफलता हाथ लगी।

देवप्रयाग तहसील में स्टाम्प विक्रेता बलवंत सिंह चौहान का बेटा अनुराग देवप्रयाग डिग्री कॉलेज में क्रिकेट खेलने गया था। जब वह करीब सात बजे खेलकर लौट रहा था, तो अचानक घात लगाकर बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के शोर मचाने पर भी गुलदार ने उसे नहीं छोड़ा। सूचना पर स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम के साथ स्थानीय लोग कई घंटों तक उसे ढूंढ़ते रहे, लेकिन किशोर का कुछ पता न चल सका।देर रात वन विभाग और पुलिस की टीम को किशोर का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। किशोर की मां शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। अनुराग कक्षा बारहवीं का छात्र था।  

लोगों ने पिंजरे में कैद किए गए गुलदार को मौके पर गोली मारने की मांग की। किए जाने की मांग करते हुए जबरदस्त हंगामा किया। जिसमें एक व्यक्ति गुलदार को ले जा रहे वाहन के सामने लेट गया। वन विभाग के अधिकारियों ने पकड़े गए गुलदार को तहसील स्थित वन विभाग कार्यालय तक ही ले जाने की बात कही। जिसपर प्रदर्शन कर रहे लोग सहमत हो गए। लेकिन जब लोग तहसील पहुंचे तो उन्हें पता चला कि गुलदार को हिंडोलाखाल होते हुए देहरादून ले जा रहे हैं। जिस पर आक्रोशित जनप्रतिनिधि रेंजर कार्यालय के कर्मचारियों को बाहर कर तलाबंदी कर धरने पर बैठ गए।