हरियाणा में गरजे अमित शाह, कहा- कांग्रेस हमेशा से पिछड़ा वर्ग विरोधी रही है

हरियाणा में गरजे अमित शाह, कहा- कांग्रेस हमेशा से पिछड़ा वर्ग विरोधी रही है

महेंद्रगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि विपक्षी पार्टी हमेशा से पिछड़ा वर्ग विरोधी रही है। शाह ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को आरक्षण प्रदान करने के लिए 1950 के दशक में गठित काका कालेकर आयोग का यहां ‘पिछड़ा वर्ग सम्मान सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक इसकी सिफारिशों को लागू नहीं किया। 

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘1980 में (तत्कालीन प्रधानमंत्री) इंदिरा गांधी ने मंडल आयोग को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। इसे 1990 में जब स्वीकार किया गया तो (पूर्व प्रधानमंत्री) राजीव गांधी ने ढाई घंटे का भाषण दिया था और ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) आरक्षण का विरोध किया था।’’ 

शाह ने कहा, ‘‘कर्नाटक में कांग्रेस ने पिछड़े वर्गों से आरक्षण छीनकर मुसलमानों को दे दिया। अगर वे यहां (सत्ता में) आते हैं तो यहां भी ऐसा ही होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम हरियाणा में मुसलमानों के लिए आरक्षण की अनुमति नहीं देंगे।’’ 

शाह ने जोर देकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्ण बहुमत के साथ हरियाणा में सरकार बनाएगी। हरियाणा में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। शाह का पिछले एक पखवाड़े में हरियाणा का यह दूसरा दौरा है। उन्होंने 29 जून को पंचकूला में पार्टी की विस्तारित राज्य कार्यकारिणी की बैठक के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। 

यह भी पढ़ें:-पंतनगर हो या रहीम नगर, हर निवासी की सुरक्षा और संतुष्टि हमारी जिम्मेदारी, सीएम योगी से मिलकर खिले प्रभावित परिवारों के चेहरे