UP State Taekwondo Championship: दूसरे दिन भी छाये मेजबान, लखनऊ ने जीते 4 स्वर्ण

 UP State Taekwondo Championship: दूसरे दिन भी छाये मेजबान, लखनऊ ने जीते 4 स्वर्ण

लखनऊ, अमृत विचार : मेजबान लखनऊ के खिलाड़ियों ने 40वीं सब जूनियर, 8वीं कैडेट, 42वीं जूनियर व 41वीं सीनियर क्योरगी व आठवीं पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप के दूसरे दिन शनिवार भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए चार स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ की देखरेख में लखनऊ जिला ताइक्वांडो संघ द्वारा केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित चैंपियनशिप में दूसरे दिन साई लखनऊ व साई रायबरेली के खिलाड़ियों ने 2-2 स्वर्ण पदक जीते। आज मथुरा, आगरा, बिजनौर, यूपी पुलिस को भी एक-एक स्वर्ण पदक मिले। दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में लखनऊ ने 4 स्वर्ण, 3 रजत व 6 कांस्य पदक अपने नाम किए। लखनऊ के खिलाड़ी अब तक 12 स्वर्ण, 8 रजत व 10 कांस्य पदक के साथ सबसे आगे चल रहे हैं।

उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ के सचिव राजकुमार ने बताया कि दूसरे दिन की स्पर्धाओं में मथुरा की विशाखा, बिजनौर के अभिषेक कुमार, लखनऊ के हर्ष जोशी, अनिका चौहान, उर्वशी, कृष्णा वर्मा, आगरा की आरती शर्मा, यूपी पुलिस के ऋषि राय, साई रायबरेली के शनि कुमार व विनीत कुमार एवं साई लखनऊ की सानिया खान, सुमित सिंह ने स्वर्ण पदक जीते। आज की स्पर्धाओं में बालिका जूनियर अंडर-46 किग्रा भार वर्ग में मथुरा की विशाखा ने स्वर्ण, आगरा की चित्रा ने रजत एवं चंदौली की श्रेया कुमारी गुप्ता व लखनऊ की लकी प्रजापति ने कांस्य पदक जीते।

पुरुष सीनियर अंडर-63 किग्रा में बिजनौर के अभिषेक कुमार ने स्वर्ण, साई लखनऊ के उज्जवल कुमार ने रजत एवं देवरिया के हर्ष कुमार यादव व जौनपुर के अनीश कुमार यादव ने कांस्य पदक जीते। पुरुष सीनियर अंडर-68 किग्रा में यूपी पुलिस के ऋषि राय ने स्वर्ण, आगरा के मुनेंद्र कुमार ने रजत एवं गौतमबुद्धनगर के आदर्श राज व वाराणसी के विकास सिंह यादव ने कांस्य पदक जीते।

महिला सीनियर 73 किग्रा से अधिक भार वर्ग में आगरा की आरती शर्मा ने स्वर्ण, देवरिया की प्रियंका कुमारी ने रजत एवं गाजियाबाद की गगनदीप कौर व लखनऊ की रिया श्रीवास्तव ने कांस्य पदक जीते। महिला सीनियर अंडर-57 किग्रा में साई लखनऊ की सानिया खान ने स्वर्ण, लखनऊ की अक्षिता शाह ने रजत एवं गोरखपुर की ऐश्वर्या यादव व आगरा की पूर्ति भदौरिया ने कांस्य पदक जीते।

बालक कैडेट अंडर-152 सेमी. में लखनऊ के हर्ष जोशी ने स्वर्ण, प्रयागराज के अयान ने रजत एवं सहारनपुर के आराध्य चौधरी व जालौन के ऋषभ कुमार ने कांस्य पदक जीते।

बालिका सब जूनियर अंडर-29 किग्रा में लखनऊ की अनिका चौहान ने स्वर्ण, लखनऊ की सृष्टि कश्यप ने रजत एवं लखनऊ की आयरा मंसूरी व बरेली की दिव्यांशी सिंह ने कांस्य पदक जीते। बालिका सब जूनियर अंडर-26 किग्रा में उर्वशी ने स्वर्ण, पंखुड़ी वर्मा ने रजत एवं आराध्या वर्मा व लक्ष्मी चौधरी (सभी लखनऊ) ने कांस्य पदक जीते।

बालक जूनियर अंडर-73 किग्रा में साई रायबरेली के शनि कुमार ने स्वर्ण, साई लखनऊ के बृजेश कुमार पाल ने रजत एवं लखनऊ के अर्पित सिंह व गाजियाबाद के अनिरुद्ध भाटी ने कांस्य पदक जीते। बालक जूनियर अंडर-68 किग्रा में साई रायबरेली के विनीत कुमार ने स्वर्ण, आगरा के हर्षित बघेल ने रजत एवं गोंडा के कार्तिक शर्मा व बरेली के शुभम रौतेला ने कांस्य पदक जीते। बालक जूनियर 63 किग्रा में साई लखनऊ के सुमित सिंह ने स्वर्ण, सहारनपुर के राहुल मलिक ने रजत एवं बरेली के मोहम्मद अहमद व देवरिया के शुभम यादव ने कांस्य पदक जीते।

यह भी पढ़ेः आयुष के गोल ने डीसीए क्लब को दिलाई जीत,आज भी भिडे़ंगी चार टीम