मध्यप्रदेश: अमरवाड़ा उपचुनाव में भाजपा के कमलेश ने कांग्रेस के धीरन को पराजित कर छीनी सीट

मध्यप्रदेश: अमरवाड़ा उपचुनाव में भाजपा के कमलेश ने कांग्रेस के धीरन को पराजित कर छीनी सीट

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी कमलेश शाह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के धीरन शाह को लगभग तीन हजार से अधिक मतों से शिकस्त देकर कांग्रेस से ये सीट छीन ली है। निर्वाचन आयोग की ओर से मुहैया कराए गए आंकड़ों के अनुसार कमलेश शाह को 83 हजार 36 और धीरन शाह को 79 हजार 784 मत हासिल हुए। तीसरे स्थान पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के देवरावेन भलावी रहे, जिन्हें 28 हजार 638 मत प्राप्त हुए।

शुरूआती चार दौर तक भाजपा के कमलेश शाह आगे थे, लेकिन कांग्रेस के धीरन शाह ने पांचवे दौर में एक हजार से अधिक मतों से बढ़त बनायी और छठवें दौर में बढ़त को बढ़ाकर चार हजार मतों से अधिक कर लिया था।

इसके बाद से उन्होंने लगातार बढ़त बनाई। हालांकि इसके बाद 19वें राउंड में भाजपा प्रत्याशी ने अपनी निर्णायक बढ़त बनाई और अंतिम दौर में जीत हासिल कर ली। लगभग आठ माह पहले संपन्न विधानसभा चुनाव में कमलेश शाह (भाजपा) ने यहां से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में विजय दर्ज करायी थी।

उन्होंने उस समय भाजपा की प्रत्याशी रहीं मोनिका बट्टी को लगभग 25 हजार मतों से पराजित किया था। लेकिन लोकसभा चुनाव के दौरान  कमलेश शाह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आ गए और उनके विधायक पद से त्यागपत्र के कारण यहां उपचुनाव हुआ।

छिंदवाड़ा कभी वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ के नाम का पर्याय माना जाता था, लेकिन लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू ने कमलनाथ के पुत्र एवं कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ को पराजित कर कांग्रेस के इस गढ़ में भाजपा का परचम फहरा दिया। दो सौ तीस सदस्यीय मध्यप्रदेश विधानसभा में आज अमरवाड़ा चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा के 163 सदस्य हो गए हैं, जबकि कांग्रेस के 64 और एक विधायक भारत आदिवासी पार्टी से है। दो सीट रिक्त हैं।

ये भी पढ़ें- नोएडा में पतंजलि और दिव्य फार्मेसी के 14 उत्पादों पर लगी रोक