रुद्रपुर: विवाहिता की हालत बिगड़ी, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पांच माह पहले बागेश्वर में लगाई थी फांसी

रुद्रपुर: विवाहिता की हालत बिगड़ी, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पांच माह पहले बागेश्वर में लगाई थी फांसी

रुद्रपुर, अमृत विचार। पांच माह पहले बागेश्वर में पारिवारिक कलह के चलते फांसी लगाने वाली विवाहिता की अचानक तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार थाना ट्रांजिट कैंप के जगतपुरा निवासी 22 वर्षीय प्रियंका की शादी वर्ष 2022 में रानी कॉलोनी पीलीभीत निवासी कृष्णा राय के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों बागेश्वर जाकर सिलाई का काम करने लगे। बताया कि पांच माह दांपत्य जीवन ठीक ठाक चला।

इसके बाद पारिवारिक कलेश के कारण प्रियंका ने फांसी लगा दी, लेकिन समय रहते देख लेने पर उसे बचा लिया गया और मायके वाले उसे रुद्रपुर अपने घर ले आए। फांसी लगाने के कारण अक्सर विवाहिता की तबीयत खराब रहने लगी। जिस कारण मायके वालों ने कई बड़े डॉक्टरों से उसका उपचार कराया, लेकिन कोई आराम नहीं आया।

बताया जा रहा है कि सोमवार की देर शाम अचानक प्रियंका की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन आनन फानन में उसे निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप था कि ससुरालियों को सूचना देने के बाद कोई नहीं पहुंचा। उधर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।