Moradabad News लाल-नीली बत्ती और हूटर लगाकर दिखा रहे थे रौब, इतने वाहनों के हुए चालान

सबसे ज्यादा लाल-नीली बत्ती वाले अनाधिकृत वीआईपी वाहन शामिल, यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर जून में 15,000 वाहनों का चालान

Moradabad News लाल-नीली बत्ती और हूटर लगाकर दिखा रहे थे रौब, इतने वाहनों के हुए चालान

प्रदीप यादव, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वीआईपी कल्चर को समाप्त करने के निर्देश के बाद सड़कों पर दौड़ रहे लाल-नीली बत्ती वाले वाहनों पर पुलिस का डंडा चला है। भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार या फिर वाहनों पर पुलिस लिखकर घूमने वाले और भीड़ वाले इलाके में हूटर बजाकर रौब जमाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है। ऐसे करीब 9000 वाहनों के चालान किए हैं। जिसमें से सबसे ज्यादा लाल-नीली बत्ती वाले अनाधिकृत वीआईपी वाहन शामिल हैं।

यातायात एसपी सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया है कि ट्रैफिक पुलिस ने 11 जून से यह अभियान चलाया था। जिसका मंगलवार को आखिरी दिन हैं। उन्होंने बताया है कि लाल-नीली बत्ती समेत हूटर वाले आठ हजार वाहनों का चालान किया गया है। जिसका जुर्माना प्रति वाहन 500 रुपये और वहीं सबसे ज्यादा जुर्माना हूटर वाले प्रति वाहन से 10 हजार रुपये वसूला गया है। भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार लिखवाकर घूमने वाले 430 और दो पहिया या चार पहिया पर पुलिस का लोगों या चिह्न लगाने वाले 589 वाहनों का चालान हुआ है। इन पर भी प्रति वाहन 500 रुपये जुर्माने का शुल्क वसूला गया है। उन्होंने बताया कि एक दिन शेष रहते हुए लगभग नौ हजार से अधिक वाहनों के चालान हुए हैं। जिसमें से सबसे ज्यादा लाल-नीली बत्ती और हूटर लगाकर रौब दिखाने वाले अनाधिकृत वीआईपी वाहनों के चालान किए गए हैं।

एक दिन शेष रहते हुए नौ हजार चालान
11 जून से चल रहे अभियान में पुलिस को खासी सफलता मिली है। एक दिन शेष रहते अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने 9119 वाहनों का चालान कर जुर्माना वसूला है। सबसे ज्यादा हूटर वाले वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया है। पुलिस के लोगो या चिन्ह वाले 589 वाहनों से तीन लाख रुपये शुल्क की वसूली हुई है। वहीं भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के लोगो वाले 430 वाहन चालकों पर दो लाख का जुर्माना लगाया है।

इतने वाहनों के हुए चालान

  • लाल-नीली बत्ती और हूटर लगे वाहन- 8100
  • भारत सरकार, उप्र. सरकार लिखे वाहन- 430
  • पुलिस का लोगो लगे वाहन- 589

नियमों के उल्लंघन पर भी जून में सबसे ज्यादा चालान
लोकसभा चुनाव बीतने के बाद यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस सख्त है। पिछले दो माह की तुलना में जून में 15 हजार वाहनों के चालान हुए हैं। जिनमें सबसे ज्यादा बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और बिना सीट बेल्ट के दौड़ा रहे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। वहीं अप्रैल में मात्र आठ हजार वाहनों के चालान किए गए थे। ये आंकड़ा मई में बढ़कर 14 हजार तक पहुंच गए। चुनाव के बाद ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह से चौक-चौराहों पर मुस्तैद हो गई है।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर बरती जा रही सख्ती
11 जून से वीआईपी कल्चर की समाप्ति को लेकर अभियान चलाया गया है। ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की गई है, जिन पर हूटर, पुलिस या फिर उत्तर प्रदेश सरकार और लाल-नीली बत्ती लगाकर घूम रहे थे। हर चौराहे पर रोककर चेक किया गया है। एक दिन शेष रहते नौ हजार वाहनों के चालान किए गए हैं। अभियान का आज आखिरी दिन है। वहीं चुनाव बाद यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरती जा रही है। जून में अब तक 15 हजार चालान किए जा रहे हैं।-एसपी यातायात, सुभाष चंद्र गंगवार

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सीटी स्कैन रूम में लटका ताला, अल्ट्रासाउंड में लगते हैं आठ दिन...एंबुलेंस की एसी भी खराब