शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए ओडिशा पहुंचे पीएम मोदी, राज्यपाल और मोहन मांझी ने किया स्वागत

शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए ओडिशा पहुंचे पीएम मोदी, राज्यपाल और मोहन मांझी ने किया स्वागत

भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए बुधवार को यहां पहुंचे। मोदी आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के पद पर चंद्रबाबू नायडू के शपथ ग्रहण में हिस्सा लेने के बाद हैदराबाद से भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के विशेष विमान से बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे।

उनके आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया और आदिवासी महिलाओं ने आदिवासी गीतों की धुनों तथा ढोल की थाप पर नृत्य प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री हवाई अड्डे से सीधे राजभवन पहुंचे, जहां वह कुछ समय बिताएंगे। वह शाम को शपथ ग्रहण समारोह स्थल जनता मैदान के लिए रवाना होंगे। 

मोदी ने ओडिशा में अपनी चुनावी सभाओं के दौरान घोषणा की थी कि राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी और लोगों को शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए भुवनेश्वर आने का निमंत्रण दिया था। बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है, क्योंकि राज्य में पहली भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए कई गणमान्य व्यक्ति और केंद्रीय भाजपा नेता भुवनेश्वर पहुंच रहे हैं। 

भाजपा सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पर्यावरण एवं वन मंत्री जोगेंद्र यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बिष्णु देव साईं, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं। 

पुलिस आयुक्तालय ने बड़ी संख्या में गणमान्य हस्तियों की मौजूदगी को देखते हुए शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं। सुरक्षा के लिए पुलिस बल की कुल 67 पलटनों को तैनात किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह स्थल जनता मैदान में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार को दी गयी है। सूत्रों ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में करीब 30,000 लोगों के शामिल होने की व्यवस्था की गयी है।

ये भी पढ़ें-Jammu Terror Attack: फारूक अब्दुल्ला बोले- जब तक दो देशों के बीच समझ नहीं बनेगी तब तक आतंकवाद खत्म नहीं होगा