Kanpur: महापौर प्रमिला पांडेय ने अभियंता के दिखाने पर फेंकी फाइल...बाेली- अबकी नाला भरा तो उसी में डूबोगे समझ लेना, देखें- VIDEO

कानपुर में महापौर प्रमिला पांडये ने अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाई

Kanpur: महापौर प्रमिला पांडेय ने अभियंता के दिखाने पर फेंकी फाइल...बाेली- अबकी नाला भरा तो उसी में डूबोगे समझ लेना, देखें- VIDEO

कानपुर, अमृत विचार। बुधवार को नाला सफाई की समीक्षा बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय उखड़ गईं। जोन-3 के अधिशाषी अभियंता की ओर से झूठी रिपोर्ट देने पर वह नाराज हो गईं और बैठक के बीच में अभियंता की फाइल को फेंक दिया और कहा कि इस बार अगर बारिश में जलभराव हुआ तो उसी में डूबोगे। इंजीनियरिंग विभाग, स्वास्थ्य और जलकल के अधिकारियों के साथ बैठक कर महापौर ने जोनवार आंकड़ा मांगा, तो कई अधिकारी जवाब नहीं दे पाये। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुये महापौर ने मुख्य अभियंता और नगर स्वास्थ्य अधिकारियों समय रहते नाला सफाई को पूरा करने के निर्देश दिये। 

नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में हुई बैठक में महापौर ने एक से छह जोन तक सभी जोनल व अधिशाषी अभियन्ताओं से नाला सफाई का ब्योरा लिया। जोन चार के अधिशाषी अभियंता आरके तिवारी से कहा कि लाल इमली के पास मेट्रो के कार्य के कारण नाला टूट गया था उसका क्या हुआ तो आरके तिवारी की ओर से कोई जवाब नहीं दिया जा सका।

इस पर महापौर ने कहा कि जानते हो कि वहां कौन सा नाला जाता है कि दिनभर एसी में बैठे रहते हैं। उन्होंने कहा कि कभी गये हो उसे म्योर मिल का नाला कहते हैं जो अंग्रेजों के समय का बना है। जो हलीम मुस्लिम कॉलेज से बेकनगंज, लाल ईमली, एफएम कॉलोनी होते हुए जाता है।

महापौर ने मुख्य अभियन्ता को स्वयं निरीक्षण कर कार्य के सम्बन्ध में अवगत कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अबकी वहां जलभराव हुआ तो कार्रवाई के लिये तैयार रहो। महापौर ने सनिगंवा के पास कच्चा नाला निर्माण के बारे में पूछा तो अधिशाषी अभियन्ता, जोन-2 दिवाकर भास्कर ने बताया कि नाला निर्माण पाईप डालकर कार्य कराया जा रहा है। 

मार्च की रिपोर्ट दिखाई तो फेंकी फाइल 

दरअसल अधिशाषी अभियंता जोन तीन नानक चंद्र से नाले की रिपोर्ट मांगी गई तो उन्होंने महापौर के सामने मार्च की रिपोर्ट रख दी। जब कि इस बार मई से नाला सफाई शुरू हुई है। महापौर ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए फाइल फेंक दी। जिससे अधिशाषी अभियंता सन्न रह गया। उन्होंने कहा कि आप लोग हमें गुमराह कर रहे है। अभियंता मौके पर नहीं जाते हैं, लेकिन नाला सफाई एक नंबर चल रही है। बिना अतिक्रमण हटाए नाला सफाई कर दी गई। जबकि ये संभव ही नहीं है कि अतिक्रमण हटाए बिना नाला सफाई पूरी कर ली जाए।

14 जून से हर वार्ड में नाला सफाई का करेंगे निरीक्षण

महापौर ने कहा कि 14 जून से वह प्रतिदिन प्रत्येक जोन के वार्ड में 01 घंटा नाला सफाई का स्वयं निरीक्षण करेंगी। नाला सफाई के सम्बन्ध में अधिशाषी अभियन्ता एवं सम्बन्धित व्यक्ति नाला सफाई निरीक्षण के लिये साथ चले। महापौर ने गलीपिट की सफाई कराने के भी निर्देश दिये कहा कि इस बार यह समझ लो नाला सफाई नहीं हुई तो भुगतान नहीं होने दूंगी।

यह लोग बैठक में रहे 

बैठक में अपर नगर आयुक्त मो. अवेश, जगदीश यादव, मुख्य अभियन्ता मनीष अवस्थी,  मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संध्या रानी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय संख्वार, डॉ. अमित सिंह, डॉ. चन्द्रशेखर, सतीश चन्द्र कमल, जोनल अभियन्ता जोन-1, दिवाकर भास्कर, जोनल अभियन्ता जोन-2, नानक चन्द्र जोनल अभियन्ता जोन -3, आरके तिवारी जोनल अभियन्ता जोन-4, अतुल पाण्डेय जोनल अभियन्ता जोन-5, मनोज पाल जेडएसओ-1, सुशील कुमार गुप्ता जेडएसओ-2, आशीष वाजपेई जेडएसओ-3,  अरविन्द यादव जेडएसओ-5, विजय शंकर शुक्ला जेडएसओ-6 रहे।

जोन     कुल   नाले                पूर्ण          अवशेष 

1    23                        21            02
2    41                        26                   12
3    43                        38                 5
4    20                        18                   02
5    70                        55                   15
6    50                        45                    5

जोन    कुल नाली                  टूटी नाली /जाली

1    926                                 29
2    87                                 70
3    290                               किसी-किसी में जाली टूटी है।
4    230                                  94
5    172 गली पिट
        405 छोटे नाले                  89
6    190                                 64 

ये भी पढ़ें- कानपुर में सर्राफा कारोबारी ने की आत्महत्या...एक बार बचा तो दूसरी बार लटककर दी जान, CCTV में घटना कैद