Kanpur: शहरवासियों को लुभा रही फ्रांस और इटली की हवा, सात हजार शहरी विदेश जाकर करेंगे सैर-सपाटा

गर्मी की छुट्टी में सिंगापुर व मलेशिया पहली पसंद

Kanpur: शहरवासियों को लुभा रही फ्रांस और इटली की हवा, सात हजार शहरी विदेश जाकर करेंगे सैर-सपाटा

कानपुर, अमृत विचार। गर्मी की छुट्टियों में शहवासियों को फ्रांस और इटली की आबोहवा लुभा रही है। गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए शहर के कई परिवारों ने यूरोप और यूके का टिकट कटाया है। खास बात यह है कि विदेश घूमने के शौकीनों में दूसरी सबसे बड़ी पसंद सिंगापुर व मलेसिया हैं। जानकारों की मानें तो गर्मी की छुट्टियों में लगभग सात हजार सैलानी विदेश घूमने जाएंगे।  

गर्मी की छुट्टियों में इस बार शहर में बड़ी संख्या में लोगों ने विदेश घूमने की योजना बनाई है। इसके लिए उन्होंने अप्रैल महीने से ही वीजा का आवेदन कर रखा है। वीजा के साथ एयर टिकट और टूर पैकेज भी बुक कराए गए हैं। पांच से सात दिन के टूर पैकेज सबसे अधिक बुक हुए हैं। पैकेज बुकिंग और टूर एण्ड ट्रैवल्स से जुड़े लोगों की मानें तो इस बार शहरियों में यूरोप और यूके का क्रेज अधिक है। खासतौर पर यूरोप के प्रति लोगों का रुझान अधिक है। 

शहर से लगभग 2500 लोग ऐसे हैं, जिन्होंने सीजन टिकट शहर के अलग-अलग जगहों से बुक कराया है। इसके लिए लोगों ने ‘शेनगन’ वीजा के लिए अप्लाई किया है। इस वीजा की खासियत यह है कि इसके जरिए वे यूरोप के आस-पास के देश भी आसानी से घूम सकते हैं। इनमें फ्रांस, इटली, स्वीडन, नॉर्वे, जर्मनी सहित अन्य देश शामिल हैं। विदेश घूमने का क्रेज इस बार वीजा में भी दिख रहा है। लगभग 3 हजार लोग ऐसे हैं, जिन्होंने अप्रैल में ही वीजा बुक करा दिया था।

इसके अलावा पहली बार विदेश जाने वाले लोगों की पसंद मलेसिया व सिंगापुर है। इस बार पूरे सीजन में लगभग 4000 से 4500 ऐसे लोग हैं, जिन्होंने इन देशों में जाने की तैयारी की है। अवध ट्रैवल्स के निदेशक शारिक अल्वी ने बताया कि पिछली बार की तुलना में इस बार शहरवासियों ने विदेश जाने का मन अधिक बनाया है। 15 मई से 30 जून के सीजन के लिए लोगों ने अप्रैल से ही बुकिंग करानी शुरू कर दी थी। अभी भी लोग जून के महीने में विदेश के लिए वीजा अप्लाई कर रहे हैं। 

देश में जम्मू-कश्मीर टॉप पर

यदि अपने देश की बात की जाए तो गर्मी में जम्मू और कश्मीर शहरियों की पहली पसंद है। पिछले दो सालों से जम्मू और कश्मीर में बड़ी संख्या में लोगों का जाना हो रहा है। खासतौर पर लखनऊ से जम्मू के लिए सीधी उड़ान का असर भी घूमने वालों को लुभा रहा है। गर्मी के सीजन की बात की जाए तो लगभग पांच हजार लोग सिर्फ हवाई मार्ग से जम्मू और कश्मीर के लिए रुख करेंगे। सीजन पीक पर होने पर इन सैलानियों की संख्या में इजाफा निश्चित है।

यह भी पढ़ें- Weather Update Kanpur: गर्मी से बेहाल हुए लोग, 46.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान, मौसम विभाग ने जताई यह आशंका