मुरादाबाद : छुट्टा गोवंश बने मुसीबत, पकड़ने में निगम प्रशासन सुस्त
जिले में 16 अस्थायी गोआश्रय स्थल, मैनाठेर में संचालित है कान्हा गोशाला फिर भी सड़कों पर छुट्टा गोवंश, नगर निगम की बोर्ड बैठक में उठ चुका है छुट्टा गोवंश का मुद्दा

मुरादाबाद, अमृत विचार। विशेष गोसंरक्षण अभियान के अन्तर्गत जिले में 16 अस्थायी गोआश्रय स्थल बने हैं। इसके अलावा नगर निगम की ओर से कान्हा गोशाला मैनाठेर में संचालित है। इसके बाद भी स्मार्ट सिटी की सड़कों पर छुट्टा गोवंश घूम रहे हैं। इन गोवंशों के हमले में कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। फिर भी इन्हें पकड़कर गोशाला में रखने में नगर निगम प्रशासन सुस्त है।
छुट्टा गोवंश के संरक्षण व संवर्धन के लिए गोशालाएं व 16 अस्थायी गोआश्रय स्थल होने के बाद भी महानगर की सड़कों पर छुट्टा गोवंश विचरण कर रहे हैं। गुरुवार को स्मार्ट सिटी में बुध बाजार की सड़क पर कई जगह छुट्टा गोवंश विचरण करते रहे। इससे बाजार में खरीदारी को आए ग्राहक और दुकानदार उनसे सहमे रहे।
दुकानदारों का कहना है कि छुट्टा गोवंश को पकड़ने के लिए कई बार नगर निगम के अधिकारियों व स्थानीय पार्षद आदि से कहा गया फिर भी स्थिति वही है। कई बार यह छुट्टा गोवंश वाहनों को टक्कर मारकर लोगों को चोटिल कर देते हैं। नगर निगम की ओर से मैनाठेर में कान्हा गोशाला संचालित है, जहां 1000 गोवंश के संरक्षण की व्यवस्था है फिर निगम की टीम इन्हें पकड़ने में गंभीरता नहीं दिखा रही है।
निगम के पूर्व अधिकारी ने बैठक में बताया था कि महानगर की सड़कों पर कई पालतू गोवंश भी लोग छोड़ देते हैं। जब उन्हें पकड़ा जाता है तो उसे छुड़ाने पहुंच जाते हैं। वहीं छुट्टा गोवंश के चलते महानगर की सड़कों पर गंदगी भी हो रही है। नगर निगम की बोर्ड और कार्यकारिणी की बैठक में कई बार छुट्टा गोवंश का मुद्दा उठ चुका है।
जिले में बने हैं 16 अस्थायी गोआश्रय स्थल
गोवंश के संरक्षण व संवर्धन के लिए जिले के हर ब्लॉक में दो सहित कुल 16 गोआश्रय स्थल बनाए गए हैं। इसमें हर गोआश्रय स्थल में 500 गोवंश को रखने की क्षमता है। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने गोआश्रय स्थलों में हरा चारा और पानी का प्रबंध करने का निर्देश दिया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कंसल का कहना है कि हर ब्लॉक में दो-दो अस्थायी गोआश्रय स्थल का निर्माण हो गया है। सभी जगह पशुओं के लिए हरा चारा, पानी आदि की व्यवस्था है।
इन विकास खंडों में बने हैं अस्थायी गोआश्रय स्थल
ब्लॉक स्थान
छजलैट सिरसाठाट, रामनगर उर्फ रम्पुरा
ठाकुरद्वारा राघूवाला, अब्दुल्लापुर लेदा
डिलारी आलमपुर चौहान, ईलर
भोजपुर रानीनांगल, रनियाठेर (अहरोला)
मूंढापांडे अक्का पांडे भोजपुर, गोवर्धनपुर
मुरादाबाद सदर भटावली एहतमाली, भदगवा
कुन्दरकी बाछल भूड़, मल्हीपुर मेहमूदा नगला
बिलारी चंगेरी और फत्तेहपुर नत्था
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: राशन डीलर की घटतोली के खिलाफ आक्रोशित महिलाओं ने हाइवे किया जाम, जमकर हंगामा