देहरादून: सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में केदारनाथ यात्रा मार्ग

देहरादून, अमृत विचार। चारधाम यात्रा शुरू होते ही केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री तीनों धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। पहले दिन केदारनाथ धाम में देश-विदेश से रिकॉर्ड संख्या में 29 हजार से अधिक तीर्थ यात्रियों ने दर्शन किए। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर केदारनाथ धाम, हेलीपैड, केदारनाथ पैदल मार्ग और केदारनाथ हाईवे पर श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा सीसीटीवी कैमरे के साथ ही अलग से यात्रा कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। कंट्रोल रूम से 24 घंटे यात्रा पर नजर रखी जा रही है। हेल्पलाइन नंबर पर यात्रियों द्वारा दर्ज समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। चारधाम यात्रा के मद्देनजर लगभग सवा सौ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
केदारनाथ में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बीते वर्षों की तुलना में इस वर्ष अधिक सफाई कर्मी इस कार्य के लिए तैनात किए गए हैं। यात्रियों को परेशानी न हो और यात्रा मार्ग पर गंदगी और कचरा न फैले इसका विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था की गई है। चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए जगह-जगह स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं।