पीलीभीत: अवैध तरीके से शाहजहांपुर से मिट्टी मंगवाकर पटवा रहे थे भूखंड...5.50 लाख पड़ा जुर्माना, नोटिस भी जारी

पीलीभीत: अवैध तरीके से शाहजहांपुर से मिट्टी मंगवाकर पटवा रहे थे भूखंड...5.50 लाख पड़ा जुर्माना, नोटिस भी जारी

पीलीभीत, अमृत विचार। पूरनपुर में दो भूखंड स्वामियों को प्लाट का मिट्टी से पटान करवाना महंगा साबित हुआ। खनन अधिकारी द्वारा की गई जांच में मामला अवैध पटान का निकला। इस पर डीएम के निर्देश पर खनन अधिकारी ने दोनों भूखंड स्वामियों पर 5.50 लाख रुपए का जुर्माना लगाते हुए नोटिस जारी किया है।

मामला असम हाईवे किनारे पूरनपुर के गांव खमरिया का है। यहां जीशान और कमर खां अलग-अलग दो भूखंडों मिट्टी का पटान करवा रहे थे। मामले की शिकायत हुई तो तीन दिन पूर्व खनन अधिकारी अशोक कुमार मौके पर जाकर जांच करने पहुंचे थे।

जांच के दौरान जीशान और कमर खां ने बताया कि मिट्टी शाहजहांपुर से आ रही है। इसकी अनुमति वहीं से ली गई है। इस पर खनन अधिकारी ने दोनों से संबंधित अभिलेख मांगे। बताते हैं कि उस दौरान दोनों व्यक्ति इससे संबंधित कोई अभिलेख नहीं दिखा सके थे।

इस पर खनन अधिकारी ने दोनों को दो दिन के भीतर अभिलेख प्रस्तुत करने की बात कहते हुए कार्य को रुकवा दिया था। दो दिन बीतने के बाद भी दोनों संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। पटान को अवैध मानते हुए रिपोर्ट डीएम को दी गई। इस पर डीएम संजय कुमार सिंह के निर्देश पर भूखंड स्वामियों पर जुर्माना लगाया गया है।  

खनन अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर दोनों भूखंड स्वामियों पर जुर्माना लगाया गया है। इसमें कमर खां पर 3.50 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। दूसरे भूखंड पर मिले जीशान खां के प्लाट की जांच कराई गई, तो वह प्लाट रजत सक्सेना नाम से होना पाया गया। इस पर भूखंड स्वामी पर करीब दो लाख का जुर्माना लगाया गया है। दोनों भूखंड स्वामियों पर जुर्माने की रकम जमा करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: बच्चे ने SDM को लगाई कॉल, बोला- स्कूल में नहीं हो रही पढ़ाई, खाना भी खराब, शिक्षक करते हैं टाइम पास