Loksabha Elections 2024: 'अब नहीं फेंके जाते पत्थर, शान से कश्मीर में लहर रहा है तिरंगा', बदायूं में गरजे अमित शाह

पाकिस्तान ने की थी देश में घुसने की हिम्मत, भूल गया अब पीएम मोदी हैं

Loksabha Elections 2024: 'अब नहीं फेंके जाते पत्थर, शान से कश्मीर में लहर रहा है तिरंगा', बदायूं में गरजे अमित शाह

बदायूं, अमृत विचार। गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान में बदायूं के प्रत्याशी दुर्विजिय सिंह के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने अपने बीस मिनट के भाषण में सपा और कांग्रेस पर जमकर तंज कसा। आंतकवाद से लेकर, राम मंदिर निर्माण और धारा 370 हटाने तथा पुलवामा हमले तक का जिक्र किया। साथ ही यूपी में किए जा रहे विकास की बात की। 

WhatsApp Image 2024-05-02 at 7.32.10 PM

'पहले यूपी के कारखानों में कट्टे बनते थे। अब उनमें गोले बनाए जाते हैं'
गृह मंत्री ने कहा कि पहले यूपी के कारखानों में कट्टे बनते थे। अब उनमें गोले बनाए जाते हैं। जो पाकिस्तान पर छोड़ने के काम आएंगे। यह चुनाव देश के अर्थतंत्र को दुनिया के तीसरे नंबर का अर्थतंत्र बनाने का चुनाव है। आतंकवाद और नक्सलवाद समाप्त करने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ, अयोध्या के बाद अब वह सोमनाथ मंदिर को सोने का बनाने जा रहे हैं। कश्मीर में धारा 370 हटाने का विरोध हुआ। जिसे हटे पांच साल हो गए। वहां खून की नदियां छोड़ो किसी की कंकर चलाने की हिम्मत नहीं है। 

'अब नहीं फेंके जाते पत्थर, शान से कश्मीर में लहर रहा है तिरंगा'
उन्होंने कहा कि आज तिरंगा कश्मीर के लाल चौक में सम्मान के साथ लहर रहा है। अब वहां पत्थर नहीं फेके जाते। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद पाकिस्तान ने फिर गलती कर दी। उरी और पुलवामा में घुस गए मगर वो भूल गए कि इस बार प्रधानमंत्री मोदी हैं, मनमोहन सिंह नहीं। 10 ही दिन में सर्जिकल और एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों के सफाया करने का काम किया। कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कि मल्लिकार्जुन खरगे कहते हैं कि राजस्थान और यूपी वालों को कश्मीर से क्या लेनादेना है। खरगे साहब 80 पार कर गए, मगर यूपी वालों को नहीं जानते हो। बदायूं का बच्चा-बच्चा कश्मीर के लिए जान देने का तैयार है। 

WhatsApp Image 2024-05-02 at 7.32.09 PM (2)

राहुल प्रियंका वोट बैंक के डर से अयोध्या नहीं आये: शाह
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अपने वोट बैंक से डरते हैं और यही कारण है कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का न्योता मिलने के बाद भी अयोध्या नहीं आये। उन्होंने कहा “ कांग्रेस ने राम मंदिर को अटका रखा था,  मोदी दूसरी बार प्रधानमंत्री बने और उन्होंने राम मंदिर निर्माण की सभी मुश्किलों को आसान कर दिया और 22 जनवरी 2024 को प्राण प्रतिष्ठा कर  रामलला को टैंट से भव्य मंदिर में स्थापित हो गए। राम ने अपना जन्मदिन भव्य मंदिर में मनाया और उनके मस्तक पर सूर्य का तिलक भी हो गया। हमने राहुल, अखिलेश, डिम्पल और मायावती को प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया था लेकिन ये लोग नहीं आए क्योंकि वह अपने वोट बैंक से डरते हैं। उनका डर उनको मुबारक हम भाजपा वाले वोट बैंक से नहीं डरते हैं।” 

उन्होंने कहा “ हमने औरंगजेब का दरबार तोड़कर काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण करवाया। महाकाल का भव्य दरबार सजाने का काम किया। केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम को पुनर्जीवित किया। कांग्रेसी कहते थे कि यदि धारा 370 हटी तो कश्मीर में खून की नदियां बह जाएंगी, लेकिन जब हमने धारा 370 हटाई तो खून की नदियां तो छोड़ो एक पत्थर भी नहीं चला, ये मोदी सरकार का जज्बा है कि आज हमारा तिरंगा कश्मीर के लाल चौक में सम्मान के साथ फहर रहा है। आज लालचौक पर कृष्ण जन्माष्टमी का जुलूस बड़ी शान के साथ निकलता है। मोदी ने देश में आतंकवाद को समाप्त करने का काम किया है।”  

WhatsApp Image 2024-05-02 at 7.32.09 PM (1)

शाह ने कहा कि आज मोदी सरकार में पाकिस्तान की कुछ भी गलत करने की हिम्मत नहीं है, जबकि यही पाकिस्तान कांग्रेस सरकार में आए दिन कोई न कोई कांड करता रहता था। उसने पुलवामा अटैक कर एक भूल कर दी थी जिसका जबाव इतना तगड़ा दिया गया कि आज तक उसकी हिम्मत नहीं पड़ रही है। उन्होने कहा कि वह सबसे पहले वेदों की भूमि बदायूं को प्रणाम करते हैं। उन्होने कहा “आप सभी को कमल के निशान पर बटन दबाएंगे तो वह वोट नरेन्द्र मोदी को जाएगा। यह चुनाव नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का है, इसके साथ-साथ केरल से लेकर कश्मीर तक आतंकवाद को समाप्त करने का है। छत्तीसगढ़ के नक्सलवाद को समाप्त करने का चुनाव है। पूरे उप्र से गुंडों से मुक्त कराने का चुनाव है। इसलिए आप सभी सात मई को कमल निशान पर बटन दबाना।”  

शाह ने कहा कि मोदी सरकार 80 करोड़ गरीबों को प्रति व्यक्ति प्रतिमाह 5 किलो राशन मुफ्त में देने का काम कर रही है। हमारी सरकार में शौचालय बने, उज्जवला गैस कनेक्शन दिए गए, हर घर जल पहुंचाने का कार्य किया गया, 60 करोड़ लोगों को 5 लाख रूपये तक का इलाज फ्री दिया जा रहा है। हमारी सरकार ने कोरोना का टीका सभी लोगों को लगवाया। 

अखिलेश यादव पर वार करते हुए उन्होने कहा “ आप यादव का कार्ड खेलते हो लेकिन आपको अपने परिवार के सिवा कोई और यादव नहीं दिखता। आप खुद लड़ रहे हो, डिंपल, अक्षय, धर्मेन्द्र व आदित्य लड़ रहे हैं। पांचों यादव आपके परिवार से दे दिए।” उन्होने कहा कि जिले के विकास के लिए ग्लोबल इन्वेस्टमेंट से 1500 करोड़ का लक्ष्य रखने का काम हमारी सरकार ने किया है। इसके अलावा 200 करोड़ से जमालपुर क्षेत्र में 50 मेगावाट का सोलर पार्क, बदायूं से बबराला तक फोरलेन सड़क, दातागंज में एथेनॉल प्लांट बनाने का काम किया है। नरेंद्र मोदी ने देश को सुरक्षित एवं समृद्ध करने के साथ देश का सम्मान दुनिया में बढ़ाने का काम है। बदायूं को तरक्की के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है, इसलिए आगामी 7 मई को कमल के निशान का बटन दबाकर मोदी के हाथों का मजबूत करना जरूरी है। 

मंच पर यह लोग रहे उपस्थित
गुरुवार को शहर के इस्लामियां इंटर कॉलेज के मैदान  में भाजपा प्रत्याशी दुर्विजय सिंह के पक्ष में गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी रैली की। इस दौरान उनके साथ भाजपा के कई नेताओं ने मंच को साझा किया। जिसमें केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, प्रदेश सह-प्रभारी रमेश विधूड़ी, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय महामंत्री राकेश मिश्रा, सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, राज्यसभा सांसद मिथलेश कुमार, एमएलसी वागीश पाठक, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, विधायक हरीश शाक्य,  एमएलसी महाराज सिंह, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, पूर्व मंत्री अजीत यादव, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, पूर्व विधायक कुशाग्र सागर, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल,पूर्व विधायक सिनोद शाक्य, पूर्व विधायक दयासिंधु शंखधार, डीके भारद्वाज, जेके सक्सेना, मधु चन्द्रा, पूनम यादव, दीपमाला गोयल आदि शामिल रहे।

ये भी पढ़ें- बदायूं: बच्चे से कुकर्म के आरोपी किशोर को कोर्ट ने सुनाई सात साल की सजा, 25 हजार रुपये का लगाया जुर्माना