छत्तीसगढ़: नाव हादसे में छह शव बरामद, अन्य की तलाश जारी...CM साय ने सहायता राशि देने की घोषणा की

छत्तीसगढ़: नाव हादसे में छह शव बरामद, अन्य की तलाश जारी...CM साय ने सहायता राशि देने की घोषणा की

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से लगे हुए ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में हुए भीषण नाव हादसे के लगभग 12 घंटे बाद छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शुक्रवार दोपहर रायगढ़ के लगभग 70 श्रद्धालुओं से भरी नाव महानदी में डूब गई थी। आज दोपहर तक लापता हुए सात लोगों में से कुल छह शव बरामद कर लिए गए हैं। सभी श्रद्धालु रायगढ़ जिले के थे। 

जानकारी मिलते ही रायगढ़ कलेक्टर कार्तिकेय गोयल और एसपी दिव्यांग पटेल भी मौके पर पहुंच गए। बचाए गए श्रद्धालुओं को घर वापस भेजने की व्यवस्था कराई गई और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। एक अन्य लापता की तलाश की जा रही है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के 70 ग्रामीण मन्नत पूरी होने के बाद ओडिशा के पत्थरसेनी गए थे। जहां से वापसी के दौरान जर्जर नाव बीच नदी में भार अधिक हो जाने की वजह से टूट गई। 

एकाएक नाव के टूटने से सभी लोग पानी में समा गए और मौके पर लोगों की चीख पुकार मच गई। कई लोगों ने किसी तरह तैर कर अपनी जान बचाई। कल ही एक महिला की लाश मिली थी और 7 लोग लापता थे। आज सुबह 6 बजे से नाव दुर्घटना में लापता लोगों की तलाश के लिए महानदी में रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इस बीच आज तीन बच्चों और तीन महिलाओं के शव बरामद हुए हैं। 

मुख्यमंत्री साय ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने के संबंध में निर्देश आज जिला प्रशासन को दिए। पुलिस ने बताया कि हादसे के दौरान नौका में पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के खारसिया के रहने वाले करीब 50 लोग सवार थे जो ओडिशा के बारगढ़ जिले के पथरसेनी कुडा स्थित मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने घटना के दौरान घायलों के समुचित इलाज एवम भोजन व्यवस्था सहित घर पहुंचाए जाने की विस्तार से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

चौधरी ने ईश्वर से मृतकों की आत्मा को शांति मिले हेतु प्रार्थना करते हुए कहा दुख की इस घड़ी में हम उनके परिजनों के साथ खड़े है। घटना को हृदय विदारक बताते हुए दुख की इस घड़ी में परिवार जनों से धैर्य रखने की अपील भी की।

झारसुगुड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक पी स्मित परमार ने बताया की अब तक सात शवों को नदी से बाहर निकाल लिया गया है। उन्होंने बताया कि ओडिशा सरकार के निर्देश पर गोताखोरों के साथ भुवनेश्वर से पहुंचे स्कूबा डाइवर्स की टीम अन्य शवों की तलाश में जुटी गई है।

परमार ने बताया कि आज सुबह फिर से तलाश अभियान शुरू किया गया जिसमें सात साल के पीकू राठिया, निवासी अंजोरीपाली, ब्लॉक खरसिया का शव बरामद किया गया है। इसके बाद गोताखोरों ने दो शव और निकाले। जिनमें एक महिला राधिका राठिया और एक बच्चे नवीन राठिया का भी शव मिला है। इसके अलावा लक्ष्मी राठिया, कुणाल राठिया, तेरसबाई राठिया के शव भी मिल गए हैं। रेस्क्यू टीम ने नदी से अब तक सात शव बरामद कर लिए हैं, अभी भी एक व्यक्ति लापता है उसकी तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: 21 राज्यों की 102 सीटों पर वोटिंग जारी, नेताओं की लोगों से बड़ी संख्या में मतदान की अपील