शाहजहांपुर: निरीक्षण में खुली बेसिक स्कूलों की कलई, आटे में मिले कीड़े...कई शिक्षक अनुपस्थित

शाहजहांपुर: निरीक्षण में खुली बेसिक स्कूलों की कलई, आटे में मिले कीड़े...कई शिक्षक अनुपस्थित

शाहजहांपुर, अमृत विचार। बीएसए रणवीर सिंह ने शनिवार को विकास क्षेत्र कलान के कई स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें स्कूलों में तमाम अनियमितताएं मिलीं, जिस कारण संबंधित प्रधान अध्यापकों और शिक्षकों का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस किए गए हैं। बीएसए ने बताया कि उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय दसिया का निरीक्षण किया।

 विद्यालय में अनुदेशक अमल यादव व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपस्थित मिले। पंजीकृत 113 के सापेक्ष मात्र छह बच्चे पाए गए। शिक्षक धर्मेंद्र दुबे लंबे समय से अनुपस्थित थे, जिनका वेतन रोक दिया गया है। कंपोजिट विद्यालय पनगाह नगला में216 छात्रों के सापेक्ष 47 बच्चे उपस्थित मिले। पिछले तीन दिवसों की एमडीएम पंजिका में छात्र संख्या 95-9500 अंकित थी, जो संदेहास्पद मानी गई। इंचार्ज प्रधानाध्यापक शैलेंद्र सिंह का वेतन रोक दिया गया। 

उच्च प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर गनेशपुर में सहायक अध्यापक आशिक खां लंबे समय से अनुपस्थित थे, जिसकी सूचना उन्हें नहीं दी गई थी। पंजीकृत 38 छात्रों के सापेक्ष मात्र दो बच्चे स्कूल में मिले, जबकि एमडीएम पंजीका में 25, 26-26 दर्ज मिले। विद्यालय में कंडे रखे पाए गए। गैस चूल्हे के स्थान पर अंगीठी में खाना बनता पाया गया। राशन के नाम पर स्कूल में सिर्फ आटा था, जिसमें बहुत कीड़े मिले। बीएसए ने लापरवाही के चलते इंचार्ज प्रधानाध्यापक हरेंद्रपाल सिंह और शिक्षक आशिक खां का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।

इसी तरह प्राथमिक विद्यालय ज्योतिया में निरीक्षण किया गया। इस दौरान सहायक अध्यापिका प्राची गुप्ता अनुपस्थित थीं। स्कूल में एक भी छात्र मौजूद नहीं था, जबकि पंजीकृत छात्रों की संख्या 84 है।  इंचार्ज प्रधानाध्यापक सुशील कुमार स्कूल के अभिलेख अपने घर पर रखते हैं। गंभीर लापरवाही मानते हुए बीएसए ने सुशील कुमार और प्राची गुप्ता का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया है। 

प्राथमिक विद्यालय दसिया में बीएसए को शिक्षक सरिता सिंह और दुष्यंत कुमार सिंह यादव अनुपस्थित मिले। इंचार्ज प्रधानाध्यपक पुष्पेंद्र कुमार शिक्षकों के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। स्कूल में पंजीकृत 181 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष मात्र 10 बच्चे मौजूद मिले। एमडीएम पंजिका में पिछले तीन दिन में क्रमश:145,140,145 छात्र संख्या अंकित थी, जो संदेहास्पद थी। बीएसएस ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक पुष्पेंद्र कुमार और सरिता सिंह और दुष्यंत कुमार यादव का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: ससुर की हत्या करने का आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर, गोली मारने का वीडियो वायरल