IPL 2024, MI vs DC : मुंबई के बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन, दिल्ली कैपिटल्स को दिया 235 रनों का टारगेट

IPL 2024, MI vs DC : मुंबई के बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन, दिल्ली कैपिटल्स को दिया 235 रनों का टारगेट

मुम्बई। दिल्ली कैपिटल्स ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के 20वें मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 234 रन बनाए और दिल्ली को जीत के लिए 235 रनों का टारगेट दिया है।  मुंबई इंडियंस को लगातार तीन मैचों में हार मिली है और उसे पहली जीत का इंतजार है। दूसरी ओर दिल्ली ने चार में से तीन मैच हारे हैं।

मुंबई के लिए टिम डेविड ने 21 गेंदों पर नाबाद 45 रन बनाए, जिसमें चार छक्के और दो चौके शामिल रहे। वहीं रोमारियो शेफर्ड ने 10 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए। शेफर्ड ने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के लगाए। पारी के आखिरी ओवर में शेफर्ड ने एनरिक नॉर्किया की गेंदों पर कुल 32 रन बनाए। रोहित शर्मा (49), हार्दिक पांड्या (39) और ईशान किशन (42) ने भी शानदार पारियां खेली। दिल्ली की ओर से अक्षर पटेल और एनरिक नॉर्टजे ने दो-दो विकेट लिए। खलील अहमद ने एक बल्लेबाज को आउट किया। 

आज वानखेड़े स्‍टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस जीतने के बाद पंत ने कहा, विकेट अच्छा दिख रहा है, लेकिन मुंबई में कुछ भी हो सकता है तो स्कोर का पीछा करना सही लग रहा है। व्यक्तिगत रूप से खिलाड़ी प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन अच्छा होगा कि पूरी टीम एकजुट होकर प्रयास करना होगा। टीम में दो बदलाव किये हैं। 

मुम्बई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या,  पिच सूखी लग रही है तो बल्लेबाजी आसान हो सकती है। नमी कम है और पिच को अच्छी तरह से रोल किया गया है। जीत नहीं मिलने से हमारे ऊपर दबाव है। एक जीत के साथ चीजें पटरी पर आ जाएंगी। यह मैच हमारे लिए विशेष है। 

सूर्यकुमार की वापसी 
दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव चार महीने बाद मुंबई की ओर से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। दिसंबर में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी के बाद सूर्यकुमार को हाल में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी से खेलने की स्वीकृति मिली थी। उनकी वापसी से मुंबई की बल्लेबाजी मजबूत होगी जो लगातार तीन मैच हार चुकी है। टीम ने रोमारियो शेफर्ड और मोहम्मद नबी को भी एकादश में शामिल किया है। दिल्ली ने दो बदलाव करते हुए चोटिल मिशेल मार्श की जगह झाय रिचर्डसन को टीम में शामिल किया है जबकि ऑलराउंडर ललित यादव को रसिक डार की जगह टीम में जगह मिली। 

दोनों टीमे इस प्रकार है:-
दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर, ऋषभ पंत(विकेटकीपर/ कप्तान), अभिषेक पोरेल, पृथ्वी शॉ, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, ललित यादव, इशांत शर्मा, खलील अहमद, एनरिक नॉर्टजे, और झाये रिचर्डसन। 

मुंबई इंडियंस: इशान किशन, रोहित शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), टिम डेविड, सूर्यकुमार यादव, गोराल्ड गोएत्जी, जसप्रीत बुमराह, पीयूष चावला, आकाश मधवाल, रोमारियो शेफर्ड और मोहम्मद नबी। 

ये भी पढ़ें : कोच एंडी फ्लावर ने कहा- विराट कोहली के अलावा अन्य बल्लेबाज फॉर्म और आत्मविश्वास के लिए जूझ रहे