उमेश पाल हत्याकांड: अशरफ की बहन और पत्नी पर इनाम घोषित, शाइस्ता पर पहले से ही है 50 हजार का reward 

अतीक-अशरफ की बहन आएशा नूरी और अशरफ की बीवी ज़ैनब पर 25 -25 हज़ार का इनाम

उमेश पाल हत्याकांड: अशरफ की बहन और पत्नी पर इनाम घोषित, शाइस्ता पर पहले से ही है 50 हजार का reward 

प्रयागराज, अमृत विचार। अतीक अहमद के भाई अशरफ की बीवी ज़ैनब फ़ातिमा और अतीक की बहन आएशा नूरी पर प्रयागराज पुलिस ने इनाम घोषित कर दिया है। पुलिस कमिश्नर ने दोनों आरोपी महिलाओं पर 25 -25 हज़ार का इनाम रखा है। अब जो भी इनको पकड़वायेगा उसको पुलिस 25 हज़ार रुपये इनाम देगी। दोनों उमेश पाल हत्याकांड में बमबाज गुड्डू मुस्लिम को अपने मेरठ के घर में पनाह देने और मदद करने के मामले में आरोपी बनाई गई है।
 
अशरफ की बीवी ज़ैनब व अतीक अशरफ की बहन आएशा नूरी उमेश पाल हत्या कांड के बाद से अब तक फरार चल रही है। दोनों ही  के घर पर पुलिस कुर्की की कार्रवाई भी कर चुकी है। ज़ैनब प्रयागराज के हटवा में जबकि आएशा नूरी मेरठ में रहती थी। दोनों अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। इसलिए दोनो पर पुलिस ने इनाम घोषित कर दिया है। अगर दोनों नही पकड़ी गई तो इनाम की राशि और बढ़ाई जा सकती है।
 
24 फरवरी 2023 को दिन दहाड़े उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की गोलियां और बम मार कर हत्या कर दी गई थी। हत्या के आरोपियों की तलाश में पुलिस ने अतीक के गुर्गो और अशरफ के ससुराल में रेड की और काफी लोगो को पूछ ताछ के लिए हिरासत में लिया था। तब ज़ैनब और आएशा नूरी से भी पूछ ताछ की गई थी, लेकिन बाद में पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया था। ज़ैनब और आएशा नूरी ने प्रेस कांफ्रेंस करके अतीक अशरफ का बचाव किया था। वहीं उल्टा पुलिस कार्रवाई पर ही सवाल उठाए थे। पुलिस ने जब जांच आगे बढ़ाई तो साफ हुआ कि ज़ैनब और आएशा नूरी को हत्याकांड की जानकारी पहले से ही थी। अतीक की बहन आएशा नूरी के मेरठ वाले घर मे हत्याकांड के बाद बमबाज़ गुड्डू मुस्लिम और और अतीक का बेटा असद आये थे और अतीक के बहनोई एखलाक से पैसा लेकर दिल्ली निकल गए थे। पुलिस एकलाख को पहले ही जेल भेज चुकी है। जांच के बाद पुलिस ने एफआईआर में इन दोनों महिलाओं का नाम भी शामिल करके इस हत्याकांड का उन्हें आरोपी बनाया था। तब से दोनों महिलाएं लगातार पुलिस की आंख में धूल झोंक कर फरारी काट रही है।

जैनब रखती थी वसूली का हिसाब
अशरफ की बीवी ज़ैनब काफी शातिर और चालाक है। अशरफ के जेल जाने के बाद ज़ैनब ही अशरफ भी सारी वसूली और ज़मीनों की खरीद बिक्री का हिसाब रखती थी। ज़ैनब और उसके घरवालो ने बमरौली में वक्फ बोर्ड की 50 करोड़ की ज़मीन को टुकड़ों में बेच दी थी। खुद के लिए आलीशान कोठी इसी वक्फ बोर्ड की ज़मीन पर बनवाया था। हालांकि बाद में जब मामला खुला तो ज़ैनब और उसके भाइयों पर मुकदमा भी दर्ज किया गया। अब उसकी कोठी पर कुर्की की कार्रवाई की जा चुकी है। ज़ैनब अब तक दो मुकदमे में वांछित है। जबकि अतीक की बहन  उमेश पाल हत्या कांड में दर्ज  मुकदमे में वांछित चल रही है।

जैनब ने डाली थी कोर्ट में अर्जी
अशरफ की बीवी ज़ैनब ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाई कोर्ट में अर्ज़ी भी दाखिल की थी। याचिका दाखिल करने खुद अपने वकील के साथ हाई कोर्ट पहुंची थी। बुर्के में होने की वजह से उसे कोई देख नही पाया था, लेकिन हाईकोर्ट के सीसीटीवी कैमरे में उसकी बुर्के में कुछ फुटेज रिकार्ड हो गई थी। जिसके बाद हाई कोर्ट ने ज़ैनब को कोई राहत नही दी थी। ज़ैनब की लोकेशन कभी दिल्ली में तो कभी उसके गांव हटवा में मिली, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वो फरार हो जाती है। पुलिस को यह सुराग मिला था कि आएशा नूरी और ज़ैनब एक साथ ही कहीं फरारी काट रही है। 

शाइस्ता पर घोषित है 50 हज़ार का इनाम 
उमेश पाल हत्या कांड में आरोपी अतीक की बीवी शाइस्ता पर पुलिस ने 50 हज़ार का इनाम घोषित किया था। अबा तीनो लेडी डॉन फरार है। इसके पीछे एक खास वजह भी है दरसल तीनो औरतें बुर्का पहनती है। जिसकी वजह से वो किसी की नज़र में नही आ रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बुर्का ही इन तीनो महिलाओं की ढाल बना हुआ है। जिसकी वजह से ये लगातार पुलिस बचती आ रही है। कुछ दिन पहले पुलिस को कुछ इनपुट मिला था। जिस पर पुलिस ने हटवा और चकिया में एक साथ दबिश दी थी। दबिश में कोई पकड़ा नही गया। पुलिस को ज़ैनब के बारे में कुछ सुराग मिला है। जिस पर पुलिस गोपनीय ढंग से जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें -'हैलो, सीबीआई अधिकारी बोल रहा हूं... तुम्हारे बेटे ने रेप किया है', पिता को आया फोन कॉल, फिर जो हुआ जानकर हो जाएंगे हैरान