कासगंज: नेशनल हाईवे 530B पर तेज हुआ भूमि अधिग्रहण का काम, बांटा जाने लगा मुआवजा

कुछ ग्रामीण कर रहे विरोध तो कुछ ग्रामीण सहजता से ले रहे मुआवजा का चेक

कासगंज: नेशनल हाईवे 530B पर तेज हुआ भूमि अधिग्रहण का काम, बांटा जाने लगा मुआवजा

कासगंज, अमृत विचार। बरेली से मथुरा तक वाया कासगंज सड़क यातायात का सफर सुगम करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। अब सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जा रहा है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज की गई है। कुछ क्षेत्र के लोग भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं तो अधिकांश लोग अधिग्रहण की एवज मिलने वाली धनराशि का चेक सहजता से ले रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और निर्माण के कार्य  तेजी लाई जाएगी।

मथुरा से बरेली तक राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण किया जाना है। इसका गजट जारी हो चुका है। निर्माण के लिए जगह-जगह हॉट मिक्स प्लांट भी लगाए जा चुके हैं, लेकिन इससे पहले भूमि अधिग्रहण इस कार्य मे बाधा बन रहा था। धीमे-धीमे प्रशासन ने अधिग्रहण की प्रक्रिया को रफ्तार दी और अब काफी हद तक अधिग्रहण की कार्रवाई की जा चुकी है। कासगंज तहसील क्षेत्र के गांव तरौरा में भूमि अधिग्रहण करने के बाद मुआवजा की धनराशि ग्रामीणों को दी जा चुकी है। अब कल्याणपुर में राशि देने का काम चल रहा है। 

इसके अलावा और भी लगभग 16 गांव ऐसे हैं जहां भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। हालांकि, ज्याउद्दीन पुरखे  ग्रामीण अभी भी विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि उनकी जमीन आबादी में है और कृषि भूमि की एवज मुआवजा दिया जा रहा है। जबकि दूसरी ओर तमाम क्षेत्र के ग्रामीणों ने मुआवजे की धनराशि को स्वीकार कर लिया है। इधर राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण ने एक निजी कार्यकारी संस्था को कम की जिम्मेदारी सौंपी है और संस्था काम में जुट गई है।

1959 पेड़ों का होगा कटान
विकास के लिए हरियाली की भेंट चढ़ेगी। कासगंज क्षेत्र में 1959 पेड़ों का कटान होगा। इससे पहले वर्ष 2018 में फोरलेन सड़क निर्माण के लिए 2000 से अधिक पेड़ काटे गए थे। उस समय पर्यावरण का संतुलन बिगड़ गया। सेटेलाइट से कासगंज का ग्रीन कर गायब हो गया था। बमुश्किल कई वनों की स्थापना के बाद सेटेलाइट पर ग्रीन कर वापस लौटा और अब राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए जब पेड़ काटे जाएंगे तो फिर से पर्यावरण की सेहत पर खतरा होगा।

भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है और तेजी से कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिग्रहण का कार्य राजस्व विभाग कर रहा है। हमारी ओर से निर्माण के काम को रफ्तार दी जा रही है - शशांक कुमार, सर्वेयर एनएचएआई ।

1959 पेड़ों के कटान होने हैं। इनका चिन्हांकन किया जा चुका है। सड़क निर्माण के लिए यह पेड़ काटे जाने हैं- सुंदरेशा कुमार, डीएफओ।

ये भी पढ़ें- कासगंज: नेटवर्क की समस्या है कृपया कॉल पर बने रहें...साइबर अपराधी ने खाते से उड़ा दिए 99 हजार रुपये