शाहजहांपुर: होली पर लाल हुईं सड़कें, हादसों में आठ लोगों की चली गई जान, खुशियां मातम में बदलीं 

शाहजहांपुर: होली पर लाल हुईं सड़कें, हादसों में आठ लोगों की चली गई जान, खुशियां मातम में बदलीं 

शाहजहांपुर, अमृत विचार: अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई और इतने ही लोग घायल हो गए। यह दुर्घटनाएं पुवायां, कलान, सेहरामऊ दक्षिणी, कटरा, जलालाबाद, कांट थाना क्षेत्र में हुईं। आठ घरों में होली की खुशियां मातम में बदल गईं। इन परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

खुटार/पुवायां- खुटार क्षेत्र के गांव कुंभिया माफी निवासी सुरजीत कुमार होली त्योहार पर सोमवार को गांव के ही रहने वाले सचिन कुमार (18), पंकज कुमार (19) के साथ बाइक से कस्बा पुवायां के गांव गुलरिया निवासी अपने साढ़ू नवीन के घर गया था। उधर, कस्बा सिंधौली के गांव आदमपुर उत्तरी निवासी 30 वर्षीय राजेश कुमार कस्बा पुवायां के गांव नत्थापुर निवासी अपने ससुर 55 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद के साथ बाइक लेकर जनपद पीलीभीत के थाना पूरनपुर के गांव खमरिया पट्टी रिश्तेदार के यहां होली दुआरे पर गए हुए थे।

शाम को बाइक से वापस लौट रहे थे। पुवायां सीमा पर गुटैया पुल के समीप राजेश कुमार और सुरजीत कुमार की बाइक आमने-सामने टकरा गई। इस हादसे में सुरजीत और राजेश की मौत हो गई। जबकि सचिन, पंकज राजेंद्र प्रसाद घायल हो गए। 

कलान- थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर कुर्रिया निवासी पंकज उर्फ भूरे सोमवार रात नौ बजे बाइक से भैसठा कलां स्थित ससुराल जा रहा था। उसकी पत्नी निशा मायके में एक माह की बेटी के साथ थी। जलालाबाद-फर्रुखाबाद मार्ग पर पुरैना गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पंकज घायल हो गया। घायल को मेडिकल कालेज लाया गया। जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। 

सेहरामऊ दक्षिणी- थाना क्षेत्र के गांव चांदापुर निवासी 30 वर्षीय सत्यपाल की ससुराल कांट थाना क्षेत्र के गांव जमौर में थी। उसकी पत्नी सावित्री बच्चों के साथ मायके में थी। वह सोमवार शाम सात बजे बाइक से ससुराल जा रहा था। सरौरी गांव के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। घायल को मेडिकल कालेज लाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके चार बच्चे हैं। पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

पुवायां- थाना क्षेत्र के गांव जेवा निवासी 24 वर्षीय विपिन कुमार अपने साथी शिव कुमार, राजकुमार के साथ सोमवार को दिन में गांव जठियापुर गए थे। तीनों होली मिलकर दिन में 11:30 बजे बाइक से लौट रहे थे। पुवायां नगर में डाक बंगला के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों घायल हो गए। घायलों में विपिन को सीएचसी से मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। जहां डाक्टर ने विपिन को मृत घोषित कर दिया। 

कांट- थाना क्षेत्र के गांव कौढ़ा निवासी विद्या प्रकाश के बड़े बेटे की शादी गांव कुर्रिया कला में हुई थी। उसका छोटा बेटा 18 वर्षीय अभिषेक कुमार रविवार शाम अपने भाई की ससुराल दोस्त सोनू के साथ आया था। शाम सात बजे दोनों बाइक से हरदोई के गांव अनंगपुर जा रहे थे। पाली रोड पर एक व्यक्ति को बचाने के चक्कर में बाइक अचानक पलट गई, जिससे अभिषेक और उसका साथी सोनू घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कालेज लाया गया। जिन्हें बाद में बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान अभिषेक की मौत हो गई।

कटरा- बरेली जिले के फरीदपुर थाना के गांव रियौना गौटिया निवासी 21 वर्षीय अभिषेक यादव अपने चाचा रजिस्टर सिंह के साथ मीरानपुर कटरा के गांव छिकड़ापुर आए थे। वह छिकड़ापुर गांव से अपने चाचा के साथ शाम को बाइक से बरेली जा रहे थे। जलालाबाद-कटरा मार्ग पर फीलनगर गांव के सामने पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों लोग घायल हो गए। 

दोनों घायलों को बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान अभिषेक यादव की मौत हो गयी। कटरा प्रभारी निरीक्षक गौरव त्यागी ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

जलालाबाद- थाना क्षेत्र के गांव अमापुर अमेला निवासी 20 वर्षीय राजकुमार अपने चचेरे भाई रोहित के साथ सोमवार की दोपहर बाद कलान थाना क्षेत्र के गांव अजीत नगरा में रहने वाली मौसी से मिलने  जा रहा था। दोनों लोग कलान थाना क्षेत्र के गांव नौगवां के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे घायल हो गया। घायल को सीएचसी पर लाया गया।  

इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। जबकि चचेरा भाई रोहित घायल हो गया। मृतक राजकुमार मघ्य प्रदेश में प्राइवेट नौकरी करता था। होली से चार दिन पहले घर पर आया था। मृतक पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर से परिवार में रोना पीटना मच गया।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, तीन घायल