कासगंज: फूड पॉइजनिंग से बिगड़ी करीब 100 लोगों की हालत, गांव में मचा कोहराम

कासगंज: फूड पॉइजनिंग से बिगड़ी करीब 100 लोगों की हालत, गांव में मचा कोहराम

गंजडुंडवारा, अमृत विचार: गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव बस्तर में गुरुवार की रात हुई फूड पॉइजनिंग के मामले में बीमार लोगों का आंकड़ा बढ़कर 100 तक पहुंच गया। इधर डीएम के निर्देश पर रात में ही एसडीएम और सीओ खाद्य विभाग की टीम गांव में पहुंच गई। खाद्य विभाग ने नमूने संकलित किए हैं।

देर रात तक संख्या 45 थी, लेकिन मध्य रात तक यह संख्या बढ़कर 100 तक पहुंच चुकी है। बीमार लोगों को सरकारी अस्पताल के अलावा निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फूड पॉइजनिंग की इस घटना के बाद से गांव में कोहराम मच गया। इधर जानकारी होने पर मध्य रात एसडीएम पटियाली कुलदीप कुमार, सीओ विजय कुमार राणा एवं खाद्य विभाग के आनंद देव मौके पर पहुंचे। वहां भोजन के नमूने संकलित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके अलावा भोजन नष्ट करा दिया गया।

रात में पुन: बना भोजन
दूषित खाना खाने से लोगों की हालत बिगड़ी ऐसे में खाने को नष्ट किया गया। चूंकि तमाम लोग भूख से व्याकुल थे, ऐसे में रात में खाद्य विभाग की टीम के समक्ष पुन: खाना तैयार कराया गया। रात भर गांव में बेचैनी रही।

दौड़ती रही एंबुलेंस
एक के बाद एक लोग खाना खाने के बाद बीमार होते जा रहे थे, उनकी हालत बिगड़ रही थी। ऐसे में रात भर गांव में एंबुलेंस के हूटर की गूंज सुनाई देती रही। कोई निजी तौर पर एंबुलेंस बुला रहा था तो कोई सरकारी एंबुलेंस का सहारा ले रहा था।

गांव बस्तर में लोगों की हालत बिगड़ने की जानकारी हुई थी। रात में ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम गांव में पहुंची और यहां भोजन के नमूने संकलित किए--- सुनील कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी।

यह भी पढ़ें- कासगंज: विकास की भेंट चढ़ रही हरियाली, राज्यमार्ग के लिए काटे जा रहे पेड़