लखनऊ: बीटेक छात्र पर गोली चलाने वाला हुक्का बार संचालक साथी संग गिरफ्तार

बीबीडी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जेल

लखनऊ: बीटेक छात्र पर गोली चलाने वाला हुक्का बार संचालक साथी संग गिरफ्तार

लखनऊ, अमृत विचार। बीबीडी पुलिस ने बीटेक छात्र पर गोली चलाने वाले हुक्का बार संचालक को साथी के साथ गिरफ्तार किया है। हमलावरों के पास से अवैध असलहा व कारतूस बरामद किए है। कैफे संचालक पॉलीटेक्निक चौराहे के पास अवैध स्टैण्ड भी संचालित करता था। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में गाजीपुर कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ था।

प्रभारी निरीक्षक अजय नारायण सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह इन्दिरानगर थाना अंतर्गत शगुन विहार निवासी भानू प्रताप सिंह और गुडम्बा कल्याणपुर निवासी दीपक गोस्वामी को गिरफ्त में लिया है। गत 6 मार्च की रात बिहार विशनपुर निवासी बीटेक छात्र अतुल राज दोस्त के साथ बर्थडे पार्टी मनाने कैफे में गया था। वहां हुक्के का रेट पूछने पर भानू प्रताप सिंह ने दीपक गोस्वामी व अन्य के साथ मिल कर हमला किया था। अतुल को दौड़ा कर पीटने के बाद भानू प्रताप ने असलहे से फायरिंग की थी। हमले में छात्र किसी तरह से बच गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी फरार थे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सर्विलांस की मदद से कैफे संचालक भानू प्रताप और उसके साथी दीपक को गिरफ्तार किया गया है। हमले में शामिल अन्य आरोपियों को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

तत्कालीन जेसीपी ने की थी कार्रवाई
पॉलीटेक्निक चौराहे से पूर्वांचल के लिए डग्गामार बसों का संचालन हो रहा था। इस बात की जानकारी होने पर तत्कालीन जेसीपी कानून एवं व्यवस्था पीयूष र्मोडिया ने छापा भी मारा था। स्टैंड का संचालन भानू प्रताप सिंह साथियों की मदद से करता था। पुलिस का दबाव पड़ने के बाद ही भानू प्रताप ने स्टैंड का धंधा बंद कर दिया था।

ये भी पढ़ें -लखनऊ: बिल्डर ने साथियों के संग मिलकर दंपति पर किया हमला, रिपोर्ट दर्ज