Kasganj News: यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहे डग्गामार वाहन, बे-रोकटोक सड़कों पर भर रहे फर्राटा

Kasganj News: यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहे डग्गामार वाहन, बे-रोकटोक सड़कों पर भर रहे फर्राटा

कासगंज, अमृत विचार। शहर के विभिन्न मार्गों पर क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर डग्गामार वाहन यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। हादसों के बावजूद भी इन पर नकेल कसने के लिए जिम्मेदार विभाग कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। यही कारण है कि इन डग्गामार वाहन चालकों के हौसले बुलंद है। बे-रोकटोक इनका संचालन हो रहा है। 

वैसे तो अब डग्गामार वाहनों का प्रचलन कम है। केवल ऑटो ही डग्गामारी करते दिखाई देते हैं। कुछ ऑटो पंजीकृत हैं तो कुछ अवैध रूप से ही यात्रियों को ढोहने का कार्य कर रहे हैं। जिला मुख्यालय से लेकर गंजडुंडवारा, सहावर, अमांपुर, सिढ़पुरा, सोरों, पटियाली में भी ऑटो की भरमार है। यह ऑटो चालक अवैध रूप से सड़कों पर फर्राटे भर रहे हैं और यातायात के मानकों के विपरीत क्षमता से अधिक यात्री ढोह रहे हैं। 

बीते शनिवार को पटियाली थाना क्षेत्र श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट जाने से 24 लोगों की मौत हुई। ऐसा लगा कि अब शायद यातायात पुलिस एवं संभागीय परिवहन विभाग अवैध रूप से वाहनों पर शिकंजा कसेगा, लेकिन जिम्मेदारों के कान तक जूं तक नहीं रेंगी है। जिले में संचालित ऑटो क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर फर्राटे भरते हैं। इनकी गति भी अनियंत्रित होती है। जो कभी भी किसी बड़े हादसे की पुनावृति कर सकती है।

छोटे से आर्थिक लाभ के लिए बैठाते हैं अधिक यात्री 
उप संभागीय परिवहन विभाग द्वारा इन ऑटो को चालक सहित चार  सवारियों को बैठाने की की अनुमति दी जाती है, लेकिन इनके संचालक थोड़े से आर्थिक लाभ के लिए क्षमता से अधिक सवारियां तो अंदर ही बैठाते हैं साथ ही पीछे और खिड़कियों पर लटका कर यात्रा कराते हैं। उनकी जान पर जोखिम बनी रहती है। 

यात्री भी करते हैं मनमानी 
एक ऑटो चालक ने बताया कि यात्रियों को भी अपने गंतव्य तक जाने की जल्दी रहती है। वह स्वयं अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं रहते हैं। जब ऑटो भर जाता है उसके बावजूद भी यात्री स्वयं लटक जाते हैं। हमें तो आर्थिक लाभ होता ही है। 

निरंतर अभियान चलाया जाता है। कार्रवाई भी गई है। विशेष अभियान चलाकर डग्गामार एवं ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-आरपी मिश्रा, एआरटीओ

ये भी पढे़ं- कासगंज : तालाब में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने का मामला ,जांच में चालक की लापरवाही आई सामने