Moradabad News : मां के जज्बे को सलाम! बच्‍चे को गोद में लेकर ड्यूटी करती नजर आई महिला पुलिसकर्मी, एसपी सिटी ने की सराहना

Moradabad News : मां के जज्बे को सलाम! बच्‍चे को गोद में लेकर ड्यूटी करती नजर आई महिला पुलिसकर्मी, एसपी सिटी ने की  सराहना

मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में यूपी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 17 और 18 फरवरी को हो रही है। मुरादाबाद में भी करीब एक लाख 706 से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली 17 फरवरी को समाप्त हो चुकी है, जबकि दूसरे दिन यानी 18 फरवरी को पहली पाली की परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए पुलिस ने पूरे इंतजाम किए हुए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के जवान मोर्चा संभाले हुए हैं। इसी बीच मुरादाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एसएस इंटर कॉलेज के सामने एक महिला पुलिसकर्मी ड्यूटी करने के साथ बेटे के प्रति मां का फर्ज निभाती नजर आईं।

ड्यूटी करने के साथ मां का फर्ज निभाती नजर आईं महिला पुलिसकर्मी
महिला कांस्टेबल का नाम गीता है जोकि अपने बच्चे को गोद में लिए ड्यूटी कर रही हैं। वे मुरादाबाद की कोतवाली सदर में तैनात हैं। उनकी ड्यूटी दो दिनों से मुरादाबाद के एसएस इंटर कॉलेज में लगी है। महिला कॉन्स्टेबल गीता ने बताया कि घर में उनके पति और बहन हैं। पति भी यूपी पुलिस में हैं और आज परीक्षा में ड्यूटी लगी है। उन्होंने बताया कि सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक ड्यूटी है। छोटी बहन का भी आज पुलिस भर्ती का पेपर है। इसलिए वो बच्चे को साथ में लेकर ही मजबूरी में ड्यूटी कर रही हैं। उसने कहा की जब से उनका बेटा पांच माह का था तबसे वह उसको साथ लेकर आए दिन ड्यूटी करती हैं। अब उनका बेटा डेढ़ साल का हो चुका है तो अब परेशानी थोड़ी कम होती है।

एसपी सिटी ने की महिला पुलिसकर्मी के जज्बे की सराहना 
महिला पुलिसकर्मी की बच्चे को गोद में लेकर ड्यूटी करने के बारे में जब मुरादाबाद के एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया से बात की तो उन्होंने महिला पुलिसकर्मी के जज्बे की सराहना की। उनका कहना है की हमारे पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी को लेकर सदेव मुस्तैद रहते हैं। एसपी अखिलेश भदौरिया का कहना है की महिला पुलिसकर्मी का पति भी पुलिस में है जिसके चलते परीक्षा के समय वह बच्चे के साथ ड्यूटी करने आईं है। साथ ही उन्होंने पुलिस के इस जज्बे की सराहना करते हुए कहा की सभी लोग अपनी ड्यूटी के साथ पारिवारिक जिम्मेदारी भी निभा रहे है ये बहुत अच्छी बात है और इसको सभी लोगों को सराहना भी करनी चाहिए।

ये भी पढ़ें : अब मुरादाबाद में बिना लाइसेंस नहीं चल सकेंगे ई-रिक्शा, मनमानी पर होगी कार्रवाई