बदायूं: गन्ना विभाग ने रात में की छापेमारी...ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़ भागे माफिया, घरों में भी दी दबिश

कई नामजद, दर्जन भर अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर, घरों में दी दबिश

बदायूं: गन्ना विभाग ने रात में की छापेमारी...ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़ भागे माफिया, घरों में भी दी दबिश

बदायूं, अमृत विचार। जिले में गन्ना माफिया सक्रिय हैं इसलिए जिले का गन्ना रातो रात दूसरे जिलों को ले जाया जा रहा है। गुरुवार की रात को गन्ना विभाग को इसकी जैसे ही भनक लगी तो पुलिस के साथ विभाग के अधिकारी थाना मूसाझाग क्षेत्र में पहुंच गए। पुलिस के साथ अधिकारियों के पहुंचने पर गन्ना माफिया ट्रैक्टर ट्राली छोड़ कर भाग गए। अधिकारियों ने करौलिया और गुलड़िया सहित कई ग्रामीणों में दबिश दी मगर एक भी माफिया हाथ नहीं लगा है। गन्ना माफियाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम करौलिया और गुलड़िया में कुछ गन्ना माफिया सक्रिय हैं। जो यहां का गन्ना खरीद कर दूसरे जिलों की चीनी मिलों को बेचते हैं। गुरुवार की रात को कई ट्रैक्टर ट्राली में गन्ना भर कर दूसरे जिलों की चीनी मिलों को ले जाया जा रहा था।

तभी गन्ना विभाग को किसी ने सूचना दे दी जिस पर गन्ना विकास समिति के सचिव राजीव कुमार सिंह अपने अन्य साथियों के साथ थाना मूसाझाग की पुलिस की मदद से करौलिया क्षेत्र में पहुंच गए। राजीव कुमार सिंह ने पुलिस की मदद से जैसे ही गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राली पकड़ने का प्रयास किया तो चालक ट्रैक्टर से कूद कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। उसके बाद पुलिस की मदद से करोलिया के कई घरों में दबिश दी गयी। गुलड़िया के कई घर खंगाले गए मगर माफिया हाथ नहीं लगे।

गन्ना लगे ट्रैक्टर पुलिस ने थाने में खड़े कर लिये। सचिव राजीव कुमार सिंह ने बताया कि टिंकू नीलेश और विनोद बड़े स्तर पर गन्ना बाहर बेचते हैं इनके साथ कई अन्य लोग भी हैं यह सभी गन्ना माफिया हैं इनके खिलाफ तहरीर दी जा रही है।  उन्होंने बताया कि जिले का गन्ना दूसरे जनपदों में नही ले जाने दिया जाएगा। यह सभी गन्ना बिसौली शुगर मिल का है। जो बिसौली शुगर पड़ ही डाला जाएगा। इस क्षेत्र में पहले भी कई बार इस तरह की शिकायतें मिली हैं। कई जगह छापे मारे गए हैं फिर भी माफिया सक्रिय हैं।

बिसौली क्षेत्र में एक महीना पहले तीन गन्ना माफिया पकड़े गए थे। उनके खिलाफ गन्ना विभाग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तीनो माफिया कार से बिसौली क्षेत्र के किसानों को गन्ने का भुगतान करने जा रहे थे तभी थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने उन्हे चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। इस मामले में तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी गयी। गन्ना विभाग ने इस क्षेत्र में अपने कर्मचारी लगा कर रात्रि के समय पहरेदारी भी शुरू कर दी है फिर भी गन्ना दूसरे जिलों को ले जाया जाता है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: यूपी बोर्ड...उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण शुरू, राजकीय इंटर कॉलेज को बनाया गया है कोठार