Weather Forecast Kanpur: फरवरी की बारिश ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड... मौसम विभाग का कल से ये है अनुमान
फरवरी महीने की शुरुआत में बारिश ने दस साल का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। मौसम विभाग की ओर से 24 घंटे में 26.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
कानपुर, अमृत विचार। फरवरी महीने की शुरुआत में बारिश ने दस साल का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। मौसम विभाग की ओर से 24 घंटे में 26.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे पहले वर्ष 2013 में यह रिकॉर्ड 44.3 मिलीमीटर बारिश के नाम रहा था। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि फरवरी महीने में औसत 14.3 मिमी बारिश ही होती है।
बारिश के बाद मौसम विभाग की ओर से अब मंगलवार को मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। बताया कि मौसम साफ रहने के साथ ही तेज हवाएं परेशान कर सकती हैं। सीएसए विवि के मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
इसी तरह न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्पन्न होने से तेज बारिश हुई। अब मौसम साफ रहने का अनुमान है। पैची रेन की संभावना बन रही है। इससे कुछ क्षेत्रों में बूंदाबादी संभव हो सकती है। तेज हवाओं के चलने का भी अनुमान है।