रुद्रपुर: ऊधमसिंह नगर बना अवैध शस्त्र व मादक पदार्थों अड्डा

रुद्रपुर: ऊधमसिंह नगर बना अवैध शस्त्र व मादक पदार्थों अड्डा

रुद्रपुर, अमृत विचार। यूपी सीमावर्ती जिला होने के नाते ऊधमसिंह नगर में जहां अवैध शस्त्रों और मादक पदार्थों की तस्करी में इजाफा हुआ है। ठीक उसी प्रकार सीमावर्ती जनपद अपराधियों की स्थली भी बनती जा रही है। हालांकि जनपद पुलिस ने नशे के सौदागरों और अवैध शस्त्रों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन किया और करोड़ों का मादक पदार्थ जब्त कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया।

बावजूद अवैध शस्त्र एवं मादक पदार्थों के सौदागरों के हौसले पस्त होने के बजाए चुस्त हो रहे है। इसको लेकर जिस प्रकार पुलिस ने वर्ष 2023 में बेहतर प्रदर्शन किया और उसी प्रकार 2024 भी पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहेगी।

बताते चलें कि ऊधमसिंह नगर यूपी के रामपुर, बहेड़ी, बिजनौर और नेपाल से सटा जिला होने के कारण कुछ सालों में जिले में अवैध शस्त्रों व मादक पदार्थों की तस्करी में बेहताशा वृद्धि हुई है। इसके बाद जब से प्रदेश में धामी सरकार ने 2025 तक नशा मुक्त प्रदेश बनाने का फरमान जारी किया।

उसके बाद वर्ष 2023 में जनपद पुलिस ने अवैध शस्त्रों और मादक पदार्थों के खिलाफ मुहिम छेड़ कर आठ करोड़ रुपये कीमत का मादक पदार्थ पकड़ा और तमाम आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया।

पुलिस के आंकड़ों पर नजर डालें तो अवैध हथियारों के विरुद्ध पुलिस ने तीन अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्रियों का पर्दाफाश कर वर्ष 2023 में 518 आरोपियों को जेल भेजा और 580 अवैध शस्त्र के साथ ही 303 कारतूस बरामद किए। 383 आरोपियों की गिरफ्तारी करते हुए 19.045 किलोग्राम चरस, डोडा 69.551 किलोग्राम, अफीम 21.350 किलोग्राम, स्मैक 7.438 किलोग्राम, गांजा 101.415 किलोग्राम, नशे की गोलियां 22288, नशे के कैप्सूल 21288, नशे के इंजेक्शन 3068 बरामद किए। जिसकी कीमत आठ करोड़ रुपये के करीब आंकी गई है। वहीं 1527 आरोपियों से एक करोड़ कीमत की अवैध शराब भी बरामद की। जनपद पुलिस की इस धरपकड़ के बाद ऊधमसिंह नगर मादक पदार्थ एवं अवैध शस्त्रों की फैक्ट्री पकड़ने में प्रदेश में बेहतरीन प्रदर्शन किया।


मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 तक प्रदेश को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी को ध्यान में रखते हुए जनपद पुलिस ने अवैध शस्त्रों एवं मादक पदार्थों की मुहिम चलाकर वर्ष 2023 में आठ करोड़ रुपये कीमत का मादक पदार्थ बरामद किया और सैकड़ों आरोपियों पर मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजा है। उसी मेहनत की बदौलत जनपद पुलिस ने प्रदेश में बेहतरीन प्रदर्शन किया। वर्ष 2024 में भी पुलिस रणनीति बनाकर मुहिम चलाएगी।
-मंजूनाथ टीसी, एसएसपी ऊधमसिंह नगर