अयोध्या: नहीं रहे देवा मेमोरियल हास्पिटल के संस्थापक डॉ. हरीश कुमार वर्मा, समाजसेवा के क्षेत्र में किए थे कई काम

अयोध्या। वरिष्ठ नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष एवं देवा मेमोरियल हॉस्पिटल के संस्थापक डाॅ. हरीश कुमार वर्मा का मंगलवार दोपहर ह्रदय गति रुक जान से निधन हो गया। वह लगभग अस्सी वर्ष के थे। उनके निधन का समाचार सुनते ही लोगों में शोक छा गया है।
डॉ. हरीश कुमार वर्मा संयुक्त निदेशक पद से सेवानिवृत्त होने के बाद सामाजिक कार्यों में लग गए थे। उन्होंने सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए जिले में वरिष्ठ नागरिक परिषद की नींव भी रखी थी, जिसके जरिए उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए कई उल्लेखनीय कार्य किए।
वह प्रख्यात समाजवादी आचार्य नरेंद्र देव की विरासत से थे। उन्होंने यहां देवा मेमोरियल हॉस्पिटल की नींव रखने के साथ - साथ निःशुल्क जांच शिविरों की भी शुरुआत की थी। उनके पुत्र वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रजनीश वर्मा ने बताया कि अंत्येष्टि बुधवार को प्रातः दस बजे जमथरा घाट पर होगी।
उनके निधन पर कांग्रेस पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री, सांसद लल्लू सिंह, नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. मंजूषा पांडेय, डॉ. अतुल वर्मा समेत चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों, समाजवादी चिंतकों, शिक्षाविदों आदि ने गहरा शोक जताया है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: छावनी में सेना चिकित्सा कोर के गैर तकनीकी अधिकारियों का कमीशनिंग समारोह आयोजित