भाजपा जनता का आशीर्वाद हासिल कर रही: नकवी

भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने दूरभाष निर्देशिका का किया विमोचन, शुक्रवार को पनवड़िया के पास बन रहे सद्भावना मंडप का निरीक्षण किया

भाजपा जनता का आशीर्वाद हासिल कर रही: नकवी

रामपुर, अमृत विचार। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि की दूरभाष निर्देशिका का विमोचन किया। वहीं पनवड़िया के पास बन रहे सद्भावना मंडप का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर, पिछड़े और वंचितों के लिए यह सद्भावना मंडप बहुत ही सहायक सिद्ध होगा।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि की एक बैठक का आयोजन जिला कार्यालय रोशन बाग व्यापारी नेता कपिल आर्य के घर पर किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने दूरभाष निर्देशिका का विमोचन किया। इस अवसर पर व्यापारियों ने जीएसटी की खामियों से संबंधित ज्ञापन उन्हें सौंपा। समस्याओं के निराकरण के लिए कहा। नकवी ने आश्वासन दिया कि वह शीघ्र ही उच्चधिकारियों से बात करके व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराएंगे।

 इस अवसर पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के उत्तर में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार जनता का आशीर्वाद हासिल कर रही है। 2024 के चुनावी चौपाल पर भी गठबंधन चित्त होगा, वह जुगाड़ के जमघट से जनादेश के पनघट पर जो पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं वह उनके लिए संभव नहीं होगा। सुल्तानी साम्राज्य के सपनों के सौदागरों का सूपड़ा साफ कर दिया है। नरेंद्र मोदी के सुशासन, समावेशी विकास, सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देश के लोगों की कसौटी पर खरी उतरी है।

 मोदी सरकार ने सांप्रदायिक तुष्टीकरण के रिवाज को समावेशी सशक्तिकरण के मिजाज से परास्त कर समाज के सभी वर्गों की आंखों में खुशी, जिदगी में खुशहाली का माहौल बनाया। मोदी ने किसी भी समाज के विकास में कमीं नहीं की तो, वोट में कंजूसी भी नहीं होनी चाहिए। अल्पसंख्यकों को भी वोटों के ठेकेदारों के चंगुल से बाहर निकल विकास की हिस्सेदारी के चौपाल पर आना होगा। दशकों के सियासी शोषण से मुक्त हो समावेशी सशक्तिकरण के साथ खड़े हो। इसके बाद नकवी ने ग्राम धनियापुर में मास्टर विद्याराम शर्मा के निधन पर उनके घर जाकर शोक संतृप्त परिवार को सांत्वना दी।

ये भी पढ़ें:- रामपुर: धान खरीद का लक्ष्य छू पाना होगा टेढ़ी खीर साबित