लखनऊ: सातवीं की छात्रा का फंदे से लटका मिला शव, हत्या की आशंका

लखनऊ, अमृत विचार। वजीरगंज इलाके में रहने वाली सातवीं की छात्रा का शव कमरे में लटका मिला। पिता ने सगी बहन पर बेटी की हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि बहन मकान पर कब्जा कर रहती है, कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उसने बेटी के साथ यह वारदात अंजाम दी।
थाना अंतर्गत जगतनारायण रोड निवासी मानसी (15) पुत्र अजय कुमार का शनिवार सुबह कमरे में पंखे पर दुपट्टे से फंदे पर शव लटका मिला। पिता अजय ने बताया वह प्लंबर का काम करता है। सुबह करीब 9:30 बजे काम पर निकला था। इस दौरान बेटी ग्राउंड फ्लोर पर बने कमरे में थी। उसकी मां सुमन ऊपर की मंजिल पर बने किचन में खाना बना रही थी। अन्य बच्चे भी ऊपर ही मौजूद थे।
बताया कि किसी काम से सुमन नीचे के कमरे में पहुंची तो मानसी का शव कमरे में दुपट्टे से लटका मिला। जबकि कुछ देर पहले ही मानसी किचन से नीचे आई थी। अजय का आरोप है कि उसकी बहन नीचे के पोर्सन में बने कमरे में जबरन कब्जा करके रहती है। वह पूरे मकान पर कब्जा करना चाहती है। इसी को लेकर आये दिन विवाद करते रहती है।
कुछ दिन पहले भी उसने मानसी से विवाद किया था। तब मानसी को जान से मारने की धमकी दी थी। पिता ने बहन पर मानसी की हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को साैंप दिया। इंस्पेक्टर ने बताया परिजन ने अभी तहरीर नहीं दी है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
यह भी पढ़ें:-यूपी कांग्रेस कमेटी की नई कार्य समिति का हुआ एलान, देखें सूची