बरेली: विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में लगाई फांसी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

बरेली: विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में लगाई फांसी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

बरेली, अमृत विचार। गृह कलह से तंग आकर एक विवाहिता ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी। घटना मंगलवार की रात थाना क्षेत्र के सहासा गांव की है। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पति पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

बिशारतगंज थाना क्षेत्र के सहासा गांव निवासी धनीराम के पुत्र गौरव की शादी 3 वर्ष पूर्व जनपद बदायूं के कोतवाली दातागंज के छछऊ गांव निवासी रामपाल की पुत्री विनीता के साथ हुई थी। एक वर्ष पहले विनीता ने एक कन्या को जन्म दिया। गांव के लोगों ने बताया कि गौरव और विनीता के बीच आए दिन छोटी-छोटी बात पर झगड़ा होता रहता था। 

मौके पर पहुंचे मृतका के भाई मोरपाल ने आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही गौरव कम दहेज लाने के लिए विनीता को प्रताड़ित करता रहता था। मंगलवार की रात गौरव ने ही विनीता की हत्या कर शव कुंडे पर लटका दिया।

इधर मृतका के पति गौरव ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात वह जल्दी सो गया था और रात करीब 11 बजे जब उसकी आंख खुली तो उसने देखा कि विनीता छत के कुंडे में दुपट्टे का फंदा लगाकर उसमें झूल रही थी। इंस्पेक्टर क्राइम अर्जुन सिंह यादव ने बताया कि मृतका के भाई मोरपाल के प्रार्थना पत्र पर पति गौरव के विरुद्ध हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढे़ं- बरेली: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कार में मारी टक्कर, एक की मौत, चार घायल