सिक्किम बाढ़: सेना के आठ कर्मियों के मिले अवशेष, रक्षा मंत्री बोले- खोजबीन अभियान जारी है...

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि सिक्किम में बाढ़ के बाद लापता हुए सैनिकों के एक समूह में शामिल आठ सैन्य कर्मियों के अवशेष मिले हैं। सिक्किम में बुधवार को बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद सेना के 23 जवान लापता हो गये थे। उस दिन बाद में एक सैनिक को बचा लिया गया था। सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह सिक्किम में अचानक आई बाढ़ में सेना के आठ कर्मियों समेत कई लोगों की मृत्यु होने से बहुत दुखी हैं।
यह भी पढ़ें- नेशनल हाईवे-05 पर पत्थर गिरने से चौरा टनल के पास फिर बंद, संपर्क कटा
रक्षा मंत्री ने कहा कि शेष 14 सैनिकों और लापता नागरिकों को बचाने के लिए खोजबीन अभियान जारी है। सेना के अनुसार मृतक कर्मियों में हवलदार सरोज कुमार दास, लांस नायक एनजी प्रसाद, हवलदार सज्जन सिंह खिचर, नायक भवानी सिंह चौहान, सिपाही शिवकेश गुर्जर, नायक बिमल ओरांव, सिपाही गोपाल मद्दी और सिपाही किमेंटेमसु शामिल हैं। सिंह ने कहा, ‘‘हाल में सिक्किम में बादल फटने से आई बाढ़ में आठ सैन्यकर्मियों सहित कई लोगों की मृत्यु हो जाने से बहुत दुखी हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लापता 23 सैनिकों में से एक को बचा लिया गया, जबकि आठ वीर सैनिकों के अवशेष मिले हैं। राष्ट्र की सेवा के लिए अग्रिम क्षेत्रों में तैनात रहने के दौरान किये गए उनके बलिदान को भुलाया नहीं जायेगा।’’ सिंह ने कहा, ‘‘शेष 14 सैनिकों और लापता नागरिकों को बचाने के लिए खोजबीन अभियान जारी है।’’ सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे और अन्य सैन्य अधिकारियों ने भी आठ कर्मियों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया।
सेना ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘जनरल मनोज पांडे और भारतीय सेना की सभी रैंक के अधिकारियों ने सिक्किम में हिमनद झील के फटने से अचानक आई बाढ़ की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में भारतीय सेना के आठ सैनिकों की मृत्यु पर संवेदना व्यक्त की है।’’ इसने कहा, ‘‘दुख की इस घड़ी में हम शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं।’’ जनरल पांडे और सेना ने भी अचानक आई बाढ़ में नागरिकों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया।
सेना ने कहा कि शेष 14 लापता सैनिकों और अन्य नागरिकों का पता लगाने और उन्हें बचाने के लिए खोज और बचाव अभियान जारी हैं। इसने कहा, ‘‘इस आपदा से प्रभावित स्थानीय आबादी को सुरक्षा, राहत और सहायता प्रदान करने की दिशा में भारतीय सेना के प्रयास पहले की तरह जारी रहेंगे।’’ राज्य सरकार के अनुसार, अचानक आई बाढ़ से 25 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, 1,200 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए और सिक्किम में 13 पुल बह गये।
यह भी पढ़ें- Israel Attack: मेघालय के 27 ईसाई यरुशलम में फंसे, CM संगमा ने विदेश मंत्रालय से मांगी मदद