हल्द्वानी में मिलेट्स महोत्सव 7- 8 अक्टूबर को, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सीएम सहित कई राज्यों के कृषि मंत्री करेंगे शिरकत

हल्द्वानी, अमृत विचार। आगामी 7 व 8 अक्टूबर को हल्द्वानी में श्री अन्न (मिलेट्स) महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट समेत कई राज्यों के कृषि मंत्री शिरकत करेंगे। महोत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री गणेश जोशी ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान में पहुंचकर अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम में लोगों के बैठने, पानी, सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाएं तय समय पर सुनियोजित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद मंत्री ने नगर निगम सभागार में विभागीय अधिकारियों, प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी तालमेल बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयास से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष यानी इंटरनेशनल इयर ऑफ मिलेट्स घोषित किया है।
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार मिलेट्स के प्रोत्साहन और विपणन के लिए लगातार कार्य रही है। उन्होंने बैठक जन प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में श्री अन्न महोत्सव में पहुंचने की अपेक्षा जताई। बैठक में विधायक नैनीताल सरिता आर्य, लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट, सचिव कृषि दीपेंद्र चौधरी, डीएम वंदना सिंह, एसएसपी प्रहलाद मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कृषि निदेशक केसी पाठक, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला मौजूद रहे।
आकर्षण का केंद्र होगी मिलेट्स उत्पादों की प्रदर्शनी
बैठक में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि महोत्सव में मोटे अनाज (मिलेट) से संबंधित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी जो महोत्सव के आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके लिए राज्य के प्रमुख समूहों को मिलेट उत्पाद व अन्य उत्पादों तथा स्टार्टअप के जरिये उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस महोत्सव में उत्कृष्ट किसानों भी सम्मानित भी किया जाएगा।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
मिलेट्स महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि महोत्सव में तकनीकी सत्र इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मिलेट रिसर्च की ओर से मोटे अनाज पर प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। वहीं एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं सहित प्रदेश के लोक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। महोत्सव में बड़ी संख्या में कृषक शामिल होंगे।