लखनऊ: आधे घंटे की मुफ्त पार्किंग 'हमसे' लो, सड़क पर वाहन न खड़ा करो

लखनऊ, अमृत विचार। आधे घंटे की मुफ्त पार्किंग 'हमसे' लो, सड़क पर वाहन न खड़ा करो, लोगों को प्रेरित करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने कार्यकारिणी बैठक में इस अहम मसले के साथ तमाम अन्य बिंदुओं पर सहमति जताते हुए मुहर लगाई। इसके पीछे मंशा है कि न सिर्फ खरीदारी के दौरान लोग शहर और बाजार की सड़कों पर होने वाली बेतरतीब पार्किंग से बचें, बल्कि मुफ्त पार्किंग को देखते हुए लोग आगे आएं और अपने वाहन नगर निगम की पार्किंग में खड़ा करें। इससे वाहन भी सुरक्षित रहेगा।
शहर में जाम के तमाम कारणों में से एक सड़क पर अवैध तरीके से वाहन पार्क करने की समस्या भी है। बाजारों में खरीदारी करने या अन्य कार्यों से आने वाले कई लोग अपने वाहन सड़क पर ही पार्क कर देते हैं। इससे लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। यही नहीं, शहर में नगर निगम की खुले स्थलों पर सभी पार्किंग निरस्त चल रही हैं। इससे लोगों को अपने वाहन पार्क करने में समस्या आ रही है।
इसे देखते हुए कार्यकारिणी की बैठक में रखे गए आधे घंटे की मुफ्त पार्किंग का प्रस्ताव महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी ने पास कर दिया। इसके अलावा, नगर निगम ने अपनी बंद चल रहीं पार्किंगों को मूलभूत सुविधाएं विकसित कर उन्हें दोबारा चालू कराने का भी फैसला किया। इसके लिए जल्द ही नगर निगम टेंडर कराएगा।
पार्षद 25 लाख की तीसरी किश्त से करा सकेंगे वाॅर्ड का विकास
शहर के विकास को रफ्तार देने के लिए नगर निगम पार्षदों को वाॅर्ड विकास निधि की तीसरी किश्त जारी करेगा। प्रत्येक पार्षद अपने वाॅर्ड में 25 लाख रुपये से विकास कार्य करा सकेंगे। कार्यकारिणी बैठक ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। तीसरी किश्त के रूप में नगर निगम सभी 110 वार्डों के पार्षदों की वार्ड विकास निधि के तहत कुल 27.5 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करेगा। इससे पार्षद अपने क्षेत्र में नाली, इंटरलाॅकिंग टाइल्स, सड़क, सबमर्सिबल आदि सुविधाएं विकसित कर सकेंगे।
पार्षदों को मिलेंगी 20-20 स्ट्रीट लाइट
अपने वाॅर्ड की अंधेरी गलियों को रोशन करने के लिए पार्षदों को 20-20 स्ट्रीट लाइटें मिलेंगी। इसके लिए कार्यकारिणी बैठक में प्रस्ताव पास हो गया। नगर निगम कार्यकारिणी की पहली बैठक में प्रत्येक पार्षद को 50-50 स्ट्रीट लाइट देने का प्रस्ताव पास किया गया था। महापौर सुषमा खर्कवाल ने बताया कि इससे पहले प्रत्येक पार्षद को 10 स्ट्रीट लाइटें दी जा चुकी हैं। 20 स्ट्रीट लाइट और दी जा रही हैं। जिससे क्षेत्र में कहीं भी अंधेरा न रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं पर ध्यान किया केंद्रित, दोबारा शुरू होंगी डिस्पेंसरी
नगर निगम शहर में बंद पड़ीं अपनी डिस्पेंसरी दोबारा शुरू करेगा। यहां नगर निगम के कर्मचारियों एवं उनके परिवार को चिकित्सा सुविधा और दवाइयां दी जाएंगी। इस प्रस्ताव को कार्यकारिणी ने पास कर दिया। जर्जर हो चुके डिस्पेंसरी के भवनों को नवनिर्माण और जीर्णोद्धार करेगा। महापौर ने बताया कि नगर निगम गनेशगंज डिस्पेंसरी स्वास्थ्य विभाग से वापस लेकर खुद संचालन करेगा। डिस्पेंसरी के हस्तांतरण के लिए स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखा गया है।
जलकल के 62 कर्मियों के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति को होगा भुगतान
नगर निगम के जलकल विभाग के 62 कर्मियों के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति का नगर निगम जल्द ही भुगतान करेगा। इन कर्मचारियों का चिकित्सा व्यय पर भुगतान कई साल से लंबित था। नगर निगम कार्यकारिणी ने भुगतान करने के प्रस्ताव को पास कर दिया। महापौर ने बताया कि पहले ऐसे कर्मचारियों का भुगतान किया जाएगा जिन्होंने सरकारी अस्पतालों में इलाज कराया है। इसके बाद प्राइवेज अस्पतालों में इलाज करवाने वाले कर्मचारियों का भुगतान किया जाएगा।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी के आदेश की होगी जांच
कार्यकारिणी बैठक में 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो चुके नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील कुमार रावत द्वारा जारी कई आदेश का मुद्दा उठा। महापौर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा सेवानिवृत्त से 15 दिन पहले किए गए सभी आदेशों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। इस प्रस्ताव को भी कार्यकारिणी ने संस्तुति प्रदान की।
अमीनाबाद इंटर कॉलेज में लगेगी शिवाजी की मूर्ति
नगर निगम इंटर कॉलेज में छत्रपति शिवाजी की मूर्ति लगाई जाएगी। इसके अलावा जलालपुर क्रॉसिंग पर सदरा वल्लभ भाई पटेल के नाम से द्वार बनाया जाएगा। गंगा प्रसाद रोड पर शहीद मौलवी अमद उल्लाह द्वार बनाया जाएगा। कार्यकारिणी ने बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। डालीगंज चौराहे का नाम मोती अग्रवाल के नाम पर किया जाएगा।
पांच साल से एक ही जगह पर जमे कर्मचारी हटेंगे
नगर निगम में भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के लिए पांच साल से एक ही जगह पर जमे कर्मचारी हटाए जाएंगे। एक ही पटल पर नगर निगम में सैकड़ों कर्मचारी जमे हैं। ये कर्मचारी ठेकेदारों से लेकर आम जनता से खुलेआम घूस मांगते हैं। कार्यकारिणी बैठक ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। पांच साल से अधिक समय से नगर निगम में एक ही पटल पर जमे कर्मचारियों को चिन्हित कर उनका स्थानांतरण किया जाएगा।
इन प्रस्तावों पर लगी मुहर
- कल्याण मण्डप सराय फाटक अमीनाबाद का आरक्षण शुल्क 6,900 से घटाकर 5,000 रुपये।
- आवारा कुत्तों और मृत पशुओं के शवों के निस्तारण के लिए निर्माणाधीन शवदाह गृह में लगभग 3.90 करोड़ की इंसीनरेटर मशीन लगायी जाएगी।
- सभी फ्लाई ओवर, पुलों के नीचे किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए सौन्दर्यीकरण एवं स्थल पर पार्किंग, दुकानें, वेंडिंग जोन आदि बनाए जाएंगे।
- प्रत्येक जोन में मृत कुत्ते या अन्य मृत पशुओं को उठाने के लिए वाहन खरीदा जाएगा।
- विभाग में कार्यरत कर्मियों (निरीक्षकों, लिपिकों, चतुर्थ श्रेणी कर्मियों) से उनके पद के अनुरूप ही कार्य लिया जाए।
- वाॅर्ड विकास निधि से कूड़ा उठान के लिए पार्षद एक छोटा हाथी खरीद सकेंगे।
- सभी जोनल कार्यालयों एवं स्वास्थ्य विभाग के जर्जर स्टोर का जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
- नगर निगम की खाली जमीनों पर कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा।
- कैफी आजमी ऑडिटोरियम नगर निगम खुद संचालित करेगा।