अयोध्या: सरकार का दावा हवाई, बिजली संकट को लेकर हाहाकार, भीषण गर्मी से तड़प रहे लोग

अयोध्या: सरकार का दावा हवाई, बिजली संकट को लेकर हाहाकार, भीषण गर्मी से तड़प रहे लोग

बीकापुर/अयोध्या,अमृत विचार। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति करने के आदेश को यहां ठेंगा दिखाया जा रहा है। तहसील क्षेत्र में संचालित विद्युत उपकेंद्रों के अधीन गांव में विद्युत कटौती को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। 

भीषण धूप और उमस भरी गर्मी से लोग तड़प रहे हैं। लेकिन आदेश का यहां के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कोई असर नहीं है। शाम को होने वाली विद्युत आपूर्ति का आलम यह है की लो वोल्टेज के चलते कोई भी मशीनरी पंखा, कूलर, फ्रिज और एसी नहीं चल पा रहे हैं। 

बीकापुर विद्युत उपकेंद्र के वहीउद्दीनपुर , सरेसर, चवरढार, जलालपुर, मलेथू कनक, बासुदेवपुर, तोरोमाफी, मानापुर, कटारी, बसन्तपुर सहित दर्जनों गांव के उपभोक्ताओं को भीषण उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। अवर अभियंता जेपी वर्मा ने बताया की 24 घंटे में 6 घंटे विद्युत कटौती की जाएगी। जिसमें 3 घंटे सुबह और 3 घंटे शाम शामिल है। 

उन्होंने शेड्यूल के बारे में बताया कि सुबह 5:40 बजे से 8:25 बजे तक और शाम को 3:35 बजे से 6:50 बजे तक प्रतिदिन कटौती होगी। इधर उक्त शेड्यूल के अनुसार सुबह 8:25 बजे से 3:35 बजे तक का जो विद्युत आपूर्ति करने के लिए अवर अभियंता द्वारा बताया गया है वह ग्रामीणों के अनुसार नहीं पाया गया। नतीजा यह है कि 3:35 बजे के पहले 12 :50 बजे  पर आपूर्ति ठप कर दी गई। एसएसओ द्वारा बताया गया की मेन सप्लाई फेल है। जब सप्लाई आएगी तब आपूर्ति की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: बच्चे की जान बचाने को चाहिए था खून, अस्पताल में रोने लगा पिता तो सिपाही बना फरिश्ता