Chitrakoot: कलेक्ट्रेटकर्मी ने पत्नी को गोली मार उतारा मौत के घाट, पति के अवैध संबंधों का विरोध करने का खामियाजा
चित्रकूट में कलेक्ट्रेटकर्मी ने पत्नी को गोली मार उतारा मौत के घाट।
.jpg)
चित्रकूट में कलेक्ट्रेटकर्मी ने पत्नी को गोली मार मौत के घाट उतारा। पति के अवैध संबंधों का विरोध करने का खामियाजा भारी पड़ा।
चित्रकूट, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि उसके कई महिलाओं से अवैध संबंध थे, जिसका पत्नी विरोध करती थी।
मूलरूप से थाना भरतकूप अंतर्गत घुरेटनपुर गांव निवासी उमेश पटेल पुत्र रामकिशोर पटेल मुख्यालय में चमड़ा मंडी में दो पुत्रियां, एक पुत्र और पत्नी सुनीता (40) के साथ रहता था। बताया जाता है कि वह बच्चों की छुट्टियों की वजह से सपरिवार अपने गांव घुरेटनपुर गया था। मंगलवार सुबह उसका पत्नी सुनीता से विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने लाइसेंसी बंदूक से उसे गोली मार दी। सुनीता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उधर, हत्या के बाद आरोपी भाग निकला। इस संबंध में मृतका के भाई सुनील कुमार पटेल पुत्र राजकुमार निवासी खरहा थाना नयागांव (सतना मप्र) ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
उधर, भरतकूप थाना प्रभारी सूबेदार विंद को एसपी वृंदा शुक्ला ने आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। आरोपी उमेश को पुलिस ने शाम लगभग चार बजे घुरेटनपुर मंडी के पास से दबोच लिया। इससे पुलिस ने लाइसेंसी रिवाल्वर और छह कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक यदुवीर सिंह, आरक्षी विकास कुमार और मयंक तिवारी शामिल रहे।
भाई ने लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के भाई सुनील ने बताया कि उसका बहनोई अक्सर उसकी बहन को प्रताड़ित करता था। इसकी शिकायत भी वह किया करती थी। एक अन्य भाई संतशरण पटेल ने बताया कि आरोपी के कई महिलाओं से अवैध संबंध थे और वह अक्सर रिश्तेदारों से दूसरी शादी करने की बात भी कहता था। अक्सर अवैध संबंधों को लेकर पत्नी से विवाद होता था और उनकी बहन मायके आ जाती थी। वे लोग समझाबुझाकर उसे वापस भेज देते थे। सुनील ने बताया कि उसके जीजा ने बहन के गले के नीचे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
बच्चों का भविष्य अंधकारमय
मां की मौत और पिता के जेल जाने से दंपति के तीनों बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया। घटना वाले दिन इनकी 12 वर्षीय बेटी काजल मामा के यहां चली गई थी। बाकी दो बच्चे घर में ही थे।