UP Nikay Chunav: उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटी में बंद, जानिए कितने फीसदी हुआ मतदान

अमृत विचार/बस्ती। नगर पालिका बस्ती व नौ नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के 116 तथा सदस्य पद के 979 उम्मीदवारों की किस्मत गुरुवार को मतपेटियों में कैद हो गई। कुल 2,80,508 मतदाताओं में से 147942 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चिलचिलाती धूप के बाद भी लोकतंत्र के पर्व में भागीदार बनने के प्रति लोगों का उत्साह पूरे दिन बरकरार रहा। मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा।
जिले के बस्ती और नगर पंचायत बनकटी, नगर, गनेशपुर, गायघाट, मुंडेरवा, बभनान, हर्रैया, कप्तानगंज व रुधौली के लिए गुरुवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 116 और सभासद पदों के लिए 979 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान के लिए जिले में 130 मतदान केंद्र बनाए गए और 305 मतदेय स्थल बनाए गए।
इन मतदान स्थलों पर नगर क्षेत्र के 280508 मतदाताओं को मतदान करना था। इनमें से 147942 लोगों ने मतदान किया। जिसके आधार पर जिले का मतदान प्रतिशत 52.59 प्रतिशत रहा। सर्वाधिक मतदान बभनान नगर पंचायत में हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि जिले में नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई मतपेटियों को शिवहर्ष किसान पीजी कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज हर्रैया व रुधौली तहसील में सुरक्षित रखवा दिया गया है। मतपेटियों की सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात कर दिए गए। शनिवार को मतगणना होगी।
पूरे दिन भ्रमण करते रहे डीएम और एसपी
नगर निकाय चुनाव को लेकर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने बस्ती शहर, हर्रैया व रुधौली क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम व एसपी के साथ प्रेक्षक की टोली भी निरीक्षण करती दिखी।
मतदान की स्थिति जिले में के नजर में(पांच बजे तक)
नगर निकाय, मतदान प्रतिशत
नगर पालिका बस्ती, 42.75
नगर पंचायत बनकटी, 63.65
नगर पंचायत नगर, 48.17
नगर पंचायत गनेशपुर, 58.8
नगर पंचायत गायघाट, 65.3
नगर पंचायत मुंडेरवा, 59.7
नगर पंचायत बभनान, 67.33
नगर पंचायत हर्रैया, 62.7
नगर पंचायत कप्तानगंज, 57.24
नगर पंचायत रुधौली, 62.88
कुल मतदान प्रतिशत, 52.59
यह भी पढ़ें:-गालीबाज दरोगा! प्रयागराज में मकान खाली कराने को लेकर दरोगा ने की गाली-गलौज, ऑडियो वायरल