रुद्रपुर: एक सप्ताह में बढ़ा 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी, न्यूनतम रहा 12.6 डिग्री सेल्सियस

रुद्रपुर, अमृत विचार। विगत दिनों तराई में बेमौसमी बारिश से तापमान में गिरावट आ गयी थी। वहीं, एक बार फिर तापमान में वृद्धि हुई है। यह वृद्धि 4 डिग्री सेल्सियस के करीब हुई है। मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में मौसम के साफ रहने और तापमान में और अधिक वृद्धि की संभावना जतायी है।
तराई में फरवरी के दूसरे पखवाड़े में तापमान 28 डिग्री के करीब पहुंच गया था। वहीं पिछले दिनों बारिश और ओलावृष्टि से तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। साथ ही मौसम में ठंड का अहसास होने पर लोगों ने गर्म कपड़े दोबारा निकाल लिए थे। पिछले दो-तीन दिन से आसमान साफ रहने और तेज धूप के कारण तापमान में वृद्धि हुई है।
शुक्रवार को तराई का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि वातावरण में नमी की मात्रा 21 प्रतिशत रही। उत्तर पश्चिम से 5.4 प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। जीबी पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा और तापमान में भी वृद्धि होगी।
किसानों ने ली राहत की सांस
रुद्रपुर। विगत दिनों तराई में बेमौसमी बारिश और कई स्थानों में हुई ओलावृष्टि से किसानों की तैयार गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा था। किसानों की करीब 18500 हेक्टेयर में बोई गयी फसल खराब हो गयी थी। जबकि कुछ फसल खेतों में लेट गयी थी। इससे किसानों को गेहूं की कटाई की चिंता सताने लगी थी। वहीं अब मौसम साफ रहने से किसानों ने थोड़ी बहुत राहत की सांस ली है।