UP में बिजली कर्मियों की हड़ताल खत्म, मंत्री ने कहा- बहाल होंगे बर्खास्त कर्मचारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जारी बिजलीकर्मियों की हड़ताल आज यानी रविवार को समाप्त हो गई। संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने हड़ताल आंदोलन को वापस लेने का ऐलान किया। उन्होंने यह ऐलान प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से दूसरे दौर की वार्ता पूरी होने के बाद किया है। मंत्री एके शर्मा ने संघर्ष समिति को भी आश्वासन दिया कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियो के खिलाफ की गई संपूर्ण कार्रवाई को वापस लिया जाएगा।
दरअसल, प्रदेश में 65 घंटे से अधिक समय तक चली बिजलीकर्मियों के हड़ताल से जनता परेशान थी। आज रविवार को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और बिजली कर्मचारी नेताओं के बीच आज दूसरे दौर की बैठक में बात बनी है। इसके बाद बिजली कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म होने का ऐलान किया। सरकार ने जो 3000 लोगों को निकाला था, 22 लोगों पर एस्मा लगाया था, 29 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया था...ये सब सरकार वापस लेगी। समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री के आह्वान, ऊर्जा मंत्री के आश्वासन और हाईकोर्ट के सम्मान में यह हड़ताल वापस हुई है। हालांकि एक बार फिर से इस पूरे हड़ताल में कर्मचारियों को कहीं भी कोई लिखित आश्वासन नहीं मिला है।
बिजलीकर्मी काम पर वापस लौटें इसके लिए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने रविवार को जल निगम के फील्ड हॉस्टल संगम में संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। जिसके बाद संघर्ष समिति ने 72 घंटे से पहले कार्य वहिष्कार आंदोलन को वापस लिया। संघर्ष समिति ने यह आन्दोलन ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के आश्वासन के बाद वापस लिया है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने आश्वासन दिया कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियो के खिलाफ की गई संपूर्ण कार्रवाई को वापस लिया जाएगा और इसके लिए उन्होंने यूपीपीसीएल के चेयरमैन को निर्देशित भी किया ।
उन्होंने कहा कि अब तक कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई में चाहे एफआईआर हो, निलंबन हो या अन्य किसी प्रकार की कार्रवाई की गई हो, इसे शीघ्र ही वापस लिया जाएगा। संघर्ष समिति के अन्य मुद्दों पर विचार करने के लिए आने वाले समय में वार्ता के माध्यम से हल किया जायेगा। ऊर्जा मंत्री ने संघर्ष समिति के पदाधिकारियों से भी कहा है कि प्रदेश में जहां कहीं भी विद्युत आपूर्ति बाधित हो, उसे शीघ्र संचालित किया जाए और जो भी कर्मचारी कार्यस्थल पर न हो, वह कार्यस्थल पर जाकर अपनी ड्यूटी करें।