झारखंड में महाशिवरात्रि के तोरण द्वार पर बवाल, धारा 144 लागू, इंटरनेट बंद, गिरिराज बोले- जिन्ना के रास्ते पर चलने वाले कट्टरपंथी ही ऐसा काम करते

झारखंड में महाशिवरात्रि के तोरण द्वार पर बवाल, धारा 144 लागू, इंटरनेट बंद, गिरिराज बोले- जिन्ना के रास्ते पर चलने वाले कट्टरपंथी ही ऐसा काम करते

रांची। झारखंड में महाशिवरात्रि से पहले एक मस्जिद के सामने तोरण द्वार लगाने को लेकर दो गुटों में झड़प के एक दिन बाद पलामू के पनकी में धारा 144 लागू है। पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। राजकुमार लकड़ा (आईजी, पलामू) ने कहा, स्थिति सामान्य है। गिरफ़्तारियां हुई हैं। जनता अफवाहों पर ध्यान न दे।  दो पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई। मस्जिद से पत्थर फेंके गए, जिसके बाद दूसरे पक्ष ने मस्जिद पर पत्थर चलाए। कई दुकानों में तोड़फोड़ की गई। पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। पांकी में धारा 144 लगा दी गई है और इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। झारखंड सरकार के गृह विभाग ने टेलीकॉम कंपनियों को आदेश दिया कि 16 फरवरी के शाम चार बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रखें।

एसपी चंदन कुमार सिन्हा और डिप्टी कमिश्नर आंजनेयुलू दोड्डे तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात काबू करने की कोशिश की। तीन से चार थानों की पुलिस मौके पर तैनात है। एसपी का कहना है कि महाशिवरात्रि को लेकर तोरण द्वार बनाया जा रहा था। उसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इस वक्त मामला शांत करा दिया गया है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।

इस पूरे विवाद के बाद बुधवार को इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई। पुलिस पूरे इलाके पर नजर रख रही है और मामले को शांत कराया गया है। दूसरी तरफ तोरण द्वार को लेकर अब भी तनाव है। प्रशासन दोनों पक्षों से बात कर मामला सुलझाने की कोशिश कर रहा है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बोले, मुस्लिम समाज की बढ़ती आबादी मेरे लिए चिंता का विषय नहीं है। जिन्ना के रास्ते पर चलने वाले जो कट्टरपंथी आ गए हैं वही ऐसा काम करते हैं। आजतक देश में हिंदुओं के द्वारा किसी भी तजिया पर एक पत्थर भी नहीं फेका गया होगा। 

उधर, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, उत्तर प्रदेश में बुलडोजर की राजनीति करने वालों ने एक मां और बेटी की जान ले ली। ये देश को बुलडोजर से चलाना चाहतें हैं संविधान से नहीं। आप (भाजपा) सिर्फ तोड़ना और बर्बाद करना चाहते हैं जोड़ना नहीं चाहतें। इस पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बोले, औवेसी साहब के मुंह से जब भी निकलता है तो जहर ही निकलता है। वे कभी कायदे की बात नहीं करते। जिन्ना तो चले गए जिन्ना के वारिस के रूप में कई लोग बच गए हैं।  

झारखंड में महाशिवरात्रि पर देवघर में धारा 144 लगाने पर BJP सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, हम चाहते हैं कि शिव बारात निकले और वर्षों की परंपरा कायम रहे। जब कोरोना काल में मंदिर बंद हुआ था तब मैं सर्वोच्च न्यायालय गया था और पूजा शुरू कराई थी। ये बाबा की नगरी है यहां किसी का अहंकार नहीं चलता। मैं ये मानता हूं कि ये हेमंत सोरेन का पतन का रास्ता है। जो भी अधिकारी उनका साथ दे रहे हैं उनके बर्बाद होने का रास्ता है।

ये भी पढ़ें- दक्षिण अफ्रीका से 18 फरवरी को भारत आएंगे 12 चीते : पर्यावरण मंत्री