शाहजहांपुर: तिलहर में किसानों का पथराव, वाहन तोड़े, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

शाहजहांपुर/तिलहर, अमृत विचार। चीनी मिल मैदान पर महापंचायत के बाद हनुमान मंदिर की शिफ्टिंग रोकने निकले खेतिहर किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर महापंचायत में शामिल किसानों में रोष फेल गया और पथराव कर दिया। इस दौरान भीड़ ने पुलिस और अधिकारियों के वाहनों के शीशे तोड़ डाले। जैतीपुर थानाध्यक्ष की गाड़ी पलट दी। पथराव में सात पुलिस कर्मी जख्मी हो गए। पुलिस ने किसानों पर लाठियां भांजकर खदेड़ा। इस दौरान पुलिस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत 15 लोगों को हिरासत में ले लिया। किसानों के 15 वाहन भी कब्जे में लिए हैं। पुलिस ने 30 नामजद व करीब 150 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: कांग्रेसियों ने SBI शाखा का किया घेराव, अडानी समूह के निवेशकों की सुरक्षा को लेकर उठाई मांग
खेतिहर किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर सिंह चौहान के नेतृत्व में 10 जनवरी से चीनी मिल मैदान में धरना चल रहा है। मंगलवार को महापंचायत में सुबह दस बजे से किसान एकत्र होने लगे। दोपहर में सभा शुरू हो गई। शाम को करीब चार बजे एसडीएम राशि कृष्णा और सीओ वीएस वीर कुमार ज्ञापन लेने पहुंचे तो सुधीर सिंह ने ज्ञापन देने से इनकार कर डीएम, एसपी को बुलाने को कहा। एलान किया कि डीएम नहीं आएंगे तो पांच बजे कछियानीखेड़ा पहुंचकर हनुमान मंदिर की शिफ्टिंग का कार्य रुकवा देंगे। जब डीएम नहीं आए तो सुधीर सिंह ने किसानों के साथ मंदिर की ओर कूच कर दिया।
पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इस पर पुलिस ने सुधीर सिंह को पकड़कर वाहन में डाल लिया। इससे आक्रोशित किसानों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। पथराव में पुलिस और प्रशासन के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस वाले जान बचाकर भागते नजर आए। पथराव से सात पुलिसवाले जख्मी भी हो गए। हालात बेकाबू होते देख कई थानों की पुलिस और पीएसी बुला ली गई। किसानों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। प्रभावित क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
खेतिहर मजदूर किसान संगठन के लोग धरना प्रदर्शन कर रहे थे। बाद में इन्होंने मुद्दे बदल लिए और धार्मिक स्थल की ओर प्रस्थान कर दिया। इनमें महिलाएं और बच्चे भी थे, जिन्हें रोकने का प्रयास किया तो पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे कुछ गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं और पुलिस कर्मियों को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। कड़ी कार्रवाई की जाएगी।-संजय कुमार, एसपी सिटी
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: कांग्रेसियों ने SBI शाखा का किया घेराव, अडानी समूह के निवेशकों की सुरक्षा को लेकर उठाई मांग
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: घने कोहरे में बस और ट्रक की भिड़ंत, चालक समेत तीस यात्री घायल