Kanpur Weather Today: कोहरे और शीतलहर से दिन में सिकुड़े लोग, हाड़कंपाऊ ठंड ने लोगों को घर में रहने को किया मजबूर
Kanpur Weather Today कानपुर में हाड़कंपाऊ ठंड।
.jpg)
Kanpur Weather Today कानपुर में कोहरे और शीतलहर से दिन में लोग सिकुड़े। वहीं, हाड़कंपाऊ ठंड ने लोगों को दिन में ही घर में रहने को मजबूर किया।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Weather Today सोमवार को ठंड ने 12 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। वर्ष 2011 की नौ जनवरी को अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस था, उसके बाद इस तारीख में कभी इतनी सर्दी नहीं रही। यही नहीं इस सीजन में दूसरा सबसे ठंडा दिन सोमवार रहा है। शीतलहर और कोहरे की वजह से दिन भर लोग हाड़कंपाऊ ठंड से जूझता रहा।
कड़ाके की सर्दी लगातार कोहराम मचा रही है। मौसम विभाग तीन दिन का अलर्ट जारी कर चुका है। जिसका असर सोमवार को सुबह से ही दिखना शुरू हो गया था। तड़के घना कोहरा था, जबकि मौसम देख कर ही धूप नहीं निकलने का अनुमान लगाना आसान हो रहा था। सुबह से ही लोगों ने अलाव जलाकर ठंड से बचाव शुरू कर दिया तो वहीं घरों में दुबकने को मजबूर लोगों को भी रूम हीटर और ब्लोवर का सहारा लेना पड़ा।
सोमवार को सुबह ऑफिस जाने की तैयारी करने वाले लोगों के लिए समय पर घर से निकल पाना भी मुश्किल हो रहा था। सर्दी इतनी थी कि लोग परेशान हो गए। शीतलहर के साथ कोहरे ने लोगों को खूब तंग किया। दिन भर कोहरे का हल्का असर और ठंडी हवाएं चलने से जाड़ा लोगों को सताता रहा।
रोजमर्रा के कामों को लेकर घर से बाहर निकलने वाले लोगों को भी परेशानी हुई। बाजारों में दुकानें देरी से खुलीं और ठंड की वजह से ग्राहक भी सामान्य की अपेक्षा कम पहुंचे। दोपहर करीब ढाई बजे हल्की धूप चमकी, लेकिन बेदम होने से लोगों को कोई राहत नहीं मिली। कुछ दिन दिखी यह धूप भी जल्द गायब हो गई और फिर ठंडी हवाएं और भी ज्यादा असर दिखाने लगीं। रात होते होते पारा गिरकर चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि इस सीजन में दिन में सबसे ज्यादा सर्दी तीन जनवरी को 10.2 डिग्री सेल्सियस थी, जबकि उसके बाद सबसे ज्यादा ठंडा सोमवार रहा है। तीसरा सबसे ठंडा दिन 12.2 डिग्री सेल्सियस के साथ छह जनवरी था। वहीं वर्ष 2011 का नौ जनवरी भी सोमवार के समान ठंडा था।
12 से ठंड और ढहाएगी सितम
मौसम विभाग ने सर्दी को लेकर अलर्ट जारी किया है। 12 जनवरी से सर्दी और भी ज्यादा कड़ाके की हो जाएगी। पारा गिरने की भी पूरी संभावना जताई जा रही है। इस वजह से किसानों को भी अलर्ट किया गया है। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जनवरी में सर्दी जाड़े के कई रिकार्ड तोड़ सकती है।
पहाड़ी इलाकों से भी ज्यादा सर्दी का अनुमान लगाया जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के ज्यादा सक्रिय होने और पर्वतीय इलाकों में शुरू हुई बर्फबारी की वजह से आने वाली हवाएं ठंड बढ़ाएंगी। जनवरी के पूरे महीने ठंड का असर रह सकता है। मंगलवार और बुधवार को भी पारा गिरने की संभावना है, जबकि इस महीने न्यूनतम तापमान जीरो और दिन में तापमान पांच से दस डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।
जनवरी में मौसम का हाल
कब न्यू. अधि.
1 जन. 10.8 20.0
2 जन. 5.4 13.4
3 जन. 3.6 10.2
4 जन. 8.4 13.2
5 जन. 4.4 15.2
6 जन. 3.2 12.2
7 जन. 2.0 13.2
8 जन. 3.2 13.5