अयोध्या : ठंड का कहर, उल्टियां होने के बाद युवक को किया भर्ती, मौत
दिन में निकली हल्की धूप, शाम को बढ़ गया कोहरा, गलन बरकरार

अमृत विचार, अयोध्या। जनपद में ठंड का कहर बरकरार है। नववर्ष के पहले दिन से चल रही शीतलहर बुधवार को भी जारी रही। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जनजीवन बेहाल हो चुका है। तारुन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत महानमऊ में एक युवक की मौत हो गई। राना सिंह ने बताया कि उनके भाई मानवेंद्र प्रताप (46) को अचानक कई उल्टियां हुईं, जिसके बाद वह बेहोश हो गये। आनन-फानन में उसे बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। क्षेत्रीय लेखपाल प्रह्लाद ने बताया कि जानकारी मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दोपहर तक सूर्य देव बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल खेलते रहे। डेढ़ बजे के बाद हल्की धूप निकली तो सड़कों पर रौनक लौटती दिखी, लेकिन गलन बरकरार रही। शाम होते-होते ग्रामीण इलाकों की तरफ कोहरा छा गया। नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्र के मुताबिक अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री घटकर 14.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा है। न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आगामी 24 घंटे में मौसम शुष्क बने रहने, सुबह के समय घना कोहरा पड़ने एवं हवा के सामान्य गति से पश्चिमी चलने की संभावना है।
हैदरगंज-मवई में अलाव बिना कंपाकंपा रहे लोग
तारुन विकासखंड की न्याय पंचायत खपराडीह सहित ग्रामसभा रोहारी, जाना, कटौना, पछियाना, थरियाकला, सिहोरिया में तहसील प्रशासन बीकापुर की ओर से कंबल वितरण नहीं किया गया। रोहारी ग्राम पंचायत के लेखपाल बिंदेश्वरी यादव ने कहा कि पात्र लोगों के लिए दस कंबल ही मिला है।
न्याय पंचायत के पछियाना ग्राम पंचायत में तैनात लेखपाल देव प्रकाश तिवारी कहते हैं अभी कंबल नहीं मिला है। मवई प्रतिनिधि के अनुसार रानीमऊ व मवई चौराहा पर अभी तक प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था नहीं हो पाई है, जबकि तहसीलदार प्रज्ञा सिंह ने पर्याप्त अलाव की व्यवस्था की बात कही है।
शिवसेना के प्रदेश सचिव सन्त राम यादव ने अलाव जलाने की मांग की है। बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम पंचायत रामनगर के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशोक यादव ने अपने स्तर से अलाव जलवाने की व्यवस्था की है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच : साइबर ठगी से बचने के लिए चार स्थानों पर खोले जायेंगे सीएफएल केंद्र