पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की जयंती पर भजन सम्राट अनूप जलोटा देंगे लखनऊ में भजन की प्रस्तुति

लखनऊ अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह की 91वीं जयंती की पूर्व संध्या पर 4 जनवरी को लखनऊ में भजन सम्राट अनूप जलोटा भजनों की प्रस्तुति देंगे। ये कार्यक्रम चार जनवरी को दोपहर 3 बजे लालबाग स्थित लखनऊ नगर निगम मुख्यालय के सामने प्रतिमा स्थल पर आयोजित किया जाएगा। कल्याण सिंह सनातन सेवा स्मृति न्यास एवं नगर निगम लखनऊ के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता - राम माधव (सदस्य राष्ट्रीय कार्यकारिणी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) एवं विशेष आमंत्रित वक्ता - राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्य पत्र पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर जी रहेंगे। ये जानकारी कल्याण सिंह सनातन सेवा स्मृति न्यास के अध्यक्ष प्रशांत भाटिया ने सोमवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान दी।
स्मृति न्यास के अध्यक्ष प्रशांत भाटिया ने बताया कि अयोध्या के वैभव के लिए श्रद्धेय कल्याण सिंह ने सत्ता का परित्याग कर दिया था। "जो त्यागे सो बड़ा, जो भोगे सो छोटा।।" यही भारत के परम वैभव का कल्याण मार्ग है। इस सूक्त को श्रद्धेय कल्याण सिंह ने चरितार्थ किया है। प्रशान्त भाटिया ने कहा कि आज अयोध्या श्रीराम लला का भव्य मंदिर निर्माण हो रहा है जिसके आधारभूत ढांचे का आधार श्रद्धेय कल्याण सिंह ने अपने त्याग से प्रदान किया था।
वर्तमान में भाजपा के कार्यकर्ताओं सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हीं मूल्यों को आकार प्रदान करके जन भावनाओं के सपनों को साकार कर रहे हैं। इस मौके पर गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता , भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मनोहर सिंह , महामंत्री न्यास प्रशांत त्रिपाठी, पूर्व नगर अध्यक्ष गोवश विकास प्रकोष्ठ प्रमोद कुमार त्रिपाठी, कैप्टन सुभाष ओझा राष्ट्रीय जल प्रमुख लोक भारती, यूसी सिंह, संजय गुप्ता क्षेत्रीय महामंत्री उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े:- लखनऊ: कक्षा नौ से 12 तक सभी विद्यालयों में समय परिवर्तन के आदेश , जानिए नया समय