लोकसभा चुनाव की रणनीति: राहुल की राह पर यूपी भ्रमण करेंगे अखिलेश

अमृत विचार,लखनऊ। नये साल पर मकर संक्रांति के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव चाचा शिवपाल सिंह यादव के साथ राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के तर्ज पर प्रदेश का दौरा करते हुए साथ दिखाई पड़ेंगे। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अखिलेश यादव चाचा शिवपाल के साथ जनपदों के दौरे शुरू करेंगे।
इसके अलावा पार्टी को मजबूत करने का भी काम करेंगे। चाचा-भतीजे नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर आरक्षण बचाओ अभियान को भी रफ्तार देंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चाचा शिवपाल के संग सपा के पुराने नेताओं को एकजुट कर जनपदों में संगठन निर्माण से पहले सपाइयों में उत्साह भरने का काम करेंगे।
दरअसल, सपा पूरी ताकत के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों को जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का काम करने की रणनीति तैयार कर रही है। सपा में शिवपाल की वापसी के बाद प्रदेश के कई जनपदों में चुनावी तैयारियों को आगे कार्यकर्ताओं में जोश दिखाई पड़ रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव और आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेशिक दौरे का मास्टर प्लान तैयार किया है।
उधर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बीजेपी के लिए चुनौती बनती जा रही है। पहले चरण में अखिलेश यादव चाचा शिवपाल सिंह यादव के संग पूर्वांचल के जिलों में मकर संक्रांति के बाद अपनी चुनावी तैयारियों को रफ्तार देने का काम करेंगे। जिसके बाद वह दोनों बुंदेलखंड पश्चिम और अवध के जिलों में दौरे करते हुए चुनाव अभियान को आगे बढ़ाएंगे।
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद के मुताबिक, लोकसभा चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाने का काम राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कर रहे हैं. मकर संक्रांति के बाद इस अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। बताया कि सपा पूरी ताकत के साथ नगरीय निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाने का काम करेगी।
यह भी पढ़ें:-अपना दल का ऐलान : बिना किसी भेदभाव के बीजेपी के साथ लड़ेगी निकाय चुनाव