अयोध्या : बढ़ी ठिठुरन, 6800 कंबल बांटेगा प्रशासन, निगम के अलाव ठंडे
हर तहसील में बांटे जाएंगे तकरीबन 1400 कंबल, पेट्रोलिंग के भी निर्देश

अमृत विचार, अयोध्या। जनपद में पारा छह डिग्री पर आते ही कंपकंपी छूटने लगी है। सर्द हवाओं ने लोगों को सिकुड़ने पर मजबूर कर दिया है। शाम सात बजे के बाद सड़कों पर चहल-पहल कम हो जाती है। जिला प्रशासन ने तो गरीबों व बेसहारा लोगों के लिए व्यवस्थाएं करनी शुरू कर दी हैं, लेकिन नगर निगम अब भी हाथ पर हाथ धरे बैठा है। आलम यह है कि शहरी क्षेत्रों में अभी कहीं अलाव की व्यवस्था नहीं हो सकी है। रैन बसेरे भी अभी पूरी तरह चालू नहीं हुए हैं। बेसहारा लोग ठंड में आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हैं।
जिला प्रशासन गरीब व बेसहारा लोगों को ठंड से बचाने के लिए 27.5 लाख रुपये खर्च करेगा, जिसमें 25 लाख रुपये कंबल पर खर्च किए जाएंगे, जबकि बाकी के 2.5 लाख रुपये अलाव की व्यवस्था पर खर्च होंगे। सोमवार से कंबल वितरण का काम शुरू होगा। 25 लाख रुपये की लागत से 6850 कंबलों की व्यवस्था की गई है। जनपद की पांचों तहसीलों में तकरीबन 1400 भेजे जाएंगे।
प्रत्येक कंबल सवा दो किलो से अधिक वजन का है। जैम पोर्टल के माध्यम से 365 रुपये प्रति कंबल की खरीद की गई है। इसके अलावा जनपद में अलाव व्यवस्था के लिए तहसीलों में कह दिया गया है। अमूमन 50 जगहों पर अलाव जलाए जाते हैं, लेकिन ठंड को देखते हुए इनकी संख्या 100 तक बढ़ा दी जाती है। रुदौली, गोसाईगंज और भदरसा में रैन बसेरे चल रहे हैं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र सिंह ने बताया कि कंबल का वितरण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से तहसीलों में कराया जाएगा।
तहसीलों में पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कहा गया है कि कोई भी खुले में सोता न मिले। वहीं दूसरी तरफ नगर निगम की व्यवस्था पूरी से ध्वस्त दिख रही है। न कहीं अलाव जलते दिख रहे हैं और न ही रैन बसेरों की प्रॉपर व्यवस्था हो सकी है। इसे लेकर जब अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो किसी ने उठाया ही नहीं।
कल से गिरेगा कोहरा, इस बार एक डिग्री तक जाएगा तापमान
दिसंबर महीना आधा बीत गया है। इसी के साथ ठंड ने अपना सितम बरपाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को भी न्यूनतम पारा छह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा भी 4.7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के डॉ. सीताराम मिश्र ने बताया कि न्यूनतम पारा पांच डिग्री सेल्सियस पहुंचते ही शहर में कोहरा दिखने लगेगा।
इस बार अधिक ठंड पड़ने की संभावना है। दिसंबर महीने के अंत व जनवरी के पहले सप्ताह तक न्यूनतम पारा एक डिग्री सेल्सियस तक जाने की उम्मीद है। आगामी 24 घंटे में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। हवा सामान्य गति से पश्चिमी ही चलने की संभावना है।
कोहरे से दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लगाए रिफ्लेक्टर
कोहरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। एसएसपी मुनिराज के निर्देश के बाद यातायात पुलिस की ओर से ट्रैक्टर, ट्रॉली आदि वाहनों पर रेडियम टेप व रिफ्लेक्टर लगाने की हिदायत दी गई। शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने नगर क्षेत्र में कई वाहनों पर रेडियम व रिफ्लेक्टर लगाए। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: कैशलेस इलाज के जारी शासनादेश के विरोध में प्रदर्शन