देहरादून: शीतकाल के लिए यमुनोत्री धाम के कपाट भी हुए बंद

देहरादून, अमृत विचार। भैयादूज पर शीतकाल के लिए भगवान केदारनाथ धाम के कपाट सुबह 8:30 बजे बंद हो गए हैं। 29 अक्तूबर को डोली अपने शीतकालीन पूजा गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान होगी। उधर, दोपहर 12:09 मिनट पर शीतकाल के लिए यमुनोत्री धाम में मां यमुना मंदिर के कपाट भी बंद हो गए हैं। …
देहरादून, अमृत विचार। भैयादूज पर शीतकाल के लिए भगवान केदारनाथ धाम के कपाट सुबह 8:30 बजे बंद हो गए हैं। 29 अक्तूबर को डोली अपने शीतकालीन पूजा गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान होगी। उधर, दोपहर 12:09 मिनट पर शीतकाल के लिए यमुनोत्री धाम में मां यमुना मंदिर के कपाट भी बंद हो गए हैं। माता की डोली अपने मायके खरसाली के लिए प्रस्थान होगी।
गुरुवार सुबह मां यमुना के भाई शनिदेव सोमेश्वर देवता की डोली खरशाली गांव से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल व पुरोहित महासभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि भैयादूज पर दोपहर 12:09 पर विधिविधान के साथ यमुनोत्री धाम के कपाट बंद किए गए।
इससे पहले सुबह 8:30 बजे मां यमुना के मायके खरशाली गांव से उनके भाई शनिदेव सोमेश्वर देवता की डोली बहन को लेने यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। कपाट बंदी से पूर्व विशेष पूजा अर्चना के साथ गंगा सहस्त्रनाम पाठ किया गया। मंदिर समिति के पदाधिकारी व तीर्थ पुरोहित हरीश सेमवाल, सुरेश सेमवाल, महेश सेमवाल, मुकेश सेमवाल, संजीव सेमवाल, पवन सेमवाल आदि ने गंगा की भोग मूर्ति का शृंगार किया। तय मुहूर्त में दोपहर 12.01 बजे मंदिर के भीतर अखंड ज्योति के साथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।