बरेली: बाजार बंद करने को लेकर बंटे व्यापारियों के गुट
बरेली,अमृत विचार। अनलॉक में बाजार बंदी को लेकर व्यापारी दो गुटों में बंट गए हैं। उप्र उद्योग व्यापार मंडल के नेता राजेंद्र गुप्ता के गुट ने पूर्व की तरह ही बाजार खुलने का एलान किया है, इसको लेकर बकायदा जिलाधिकारी नितीश कुमार से शुक्रवार शाम को मांग भी की। जबकि दूसरे गुट संयुक्त व्यापार मंडल …
बरेली,अमृत विचार। अनलॉक में बाजार बंदी को लेकर व्यापारी दो गुटों में बंट गए हैं। उप्र उद्योग व्यापार मंडल के नेता राजेंद्र गुप्ता के गुट ने पूर्व की तरह ही बाजार खुलने का एलान किया है, इसको लेकर बकायदा जिलाधिकारी नितीश कुमार से शुक्रवार शाम को मांग भी की। जबकि दूसरे गुट संयुक्त व्यापार मंडल और पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल समेत तमाम व्यापारिक संगठनों की बैठक में सात जुलाई से 15 दिन तक दुकानें नहीं खोलने की बात कही है। देर शाम को दोनों ही गुट की तरफ सोशल मीडिया पर इसको लेकर कमेंटबाजी होती रही।
बुधवार को जिले में कोरोना के 48 पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद शुक्रवार को शहर में बाजार बंद की अफवाहों ने सबको परेशान कर दिया था। अफवाहें उड़ीं कि व्यापारिक संगठनों ने 15 दिन तक बाजार बंद रखने का फैसला लिया है। सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैली इन अफवाहों के बीच शहर की कई दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जमा हो गई थी।हालांकि इसके बीच व्यापारिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों ने शुक्रवार को स्थिति स्पष्ट करने की बात कही थी, लेकिन व्यापारिक संगठनों के दो गुटों में बंटने के बाद स्थिति और गड़बड़ा गई है।
उप्र उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता की ओर से जिलाधिकारी से बाजार बंदी पर सहमति नहीं होने की बात कही गई है। उन्होंने डीएम से कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए व्यापारी कोविड-19 की गाइडलान का सख्ती से पालन करके दुकानें खोलेंगे।
दूसरी ओर कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए संयुक्त व्यापार मंडल ने व्यापारियों संग बैठक कर सात जुलाई से 15 दिन तक बाजार बंद करने का फैसला किया है। सुबह संयुक्त व्यापार मंडल की बैठक के बाद पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुधीश पांडेय, उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महानगर अध्यक्ष शोभित सक्सेना, उप्र उद्योग व्यापार संगठन के जिला महामंत्री अजय जेटली, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष नवीन अग्रवाल, भाजपा नेता आदेश प्रताप सिंह के साथ जिलाधिकारी से मिले और सात जुलाई से 15 दिन के लिए दुकानें बंद रखने के निर्णय से अवगत कराया।
बरेली सर्राफा वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल और आम आवाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शारिक अली व प्रदेश अध्यक्ष दानिश जमाल ने भी संयुक्त व्यापार मंडल के फैसले का समर्थन किया है। दो गुट बंटने के बाद शाम को इसको लेकर सोशल मीडिया से लेकर फोन पर चर्चाओं का दौर चलता रहा।
पम्फलेट बांटकर व्यापारियों को करेंगे जागरूक
संयुक्त व्यापार मंडल की ओर से कोविड-19 के प्रति व्यापारियों को जागरूक करने के लिए कुतुबखाना चौराहे पर पम्फलेट बांटे जाएंगे। वहीं, 15 दिन प्रतिष्ठान बंद रखने वालों का निर्णय लेने वाले व्यापारियों का सम्मान किया जाएगा।