हल्द्वानी: मेहमान बनकर घर आई लड़की ने महिला का गला घोंटा, वजह चौंकाने वाली

हल्द्वानी: मेहमान बनकर घर आई लड़की ने महिला का गला घोंटा, वजह चौंकाने वाली

अमृत विचार, हल्द्वानी। घर आई जिस लड़की की मेहमान नवाजी की, उसी ने महिला का गला घोंटकर मारने की कोशिश की। इस मामले में काठगोदाम पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी लड़की के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पूरा मामला जमीनी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रेम कुटीर नैनीताल …

अमृत विचार, हल्द्वानी। घर आई जिस लड़की की मेहमान नवाजी की, उसी ने महिला का गला घोंटकर मारने की कोशिश की। इस मामले में काठगोदाम पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी लड़की के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पूरा मामला जमीनी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

प्रेम कुटीर नैनीताल रोड काठगोदाम निवासी पूनम अल्का सिंह पत्नी स्व.प्रवीन चंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका खीमानंद सनवाल, कमला बेलवाल, महेश बेलवाल और रमेश तिवारी के साथ जमीनी विवाद चल रहा है। जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि सोमवार शाम आसी नाम की एक लड़की उनके घर आई। जिसे वह अपनी जानने वाली रोजी और डेजी के जरिये पहचानती थी। पहचान की वजह से पूनम ने आसी को अंदर बुलाया। उसे केक खिलाया और कॉफी पिलाई। इतना ही नहीं उसे खाना भी खिलाया। इसके बाद पूनम रसोईंघर में काम करने चली गई।

आरोप है कि इसी बीच आसी रसोईघर में आई और रस्सी से पूनम का गला कस दिया। इससे वह बेहोश हो गई। आसी को लगा कि पूनम की मौत हो चुकी है। आसी ने बाहर से कमरा बंद किया और भाग गई। इसके कुछ देर बाद अचानक पूनम को होश आ गया। उसकी नाक से खून निकल रहा था और आंखें लाल पड़ चुकी थीं। उसने दरवाजा खोलने का प्रयास किया। दरवाजा न खुलने पर उसने शोर मचाया और जब बात नहीं बनी तो फोन कर पड़ोसी देवी राम को बुलाया। पूनम को आनन-फानन में बेस अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के बाद पूनम ने काठगोदाम पुलिस को तहरीर दी।

बताया कि खीमानंद सनवाल, कमला बेलवाल, महेश बेलवाल और रमेश तिवारी ने पहले भी उसके साथ लड़ाई-झगड़ा कर जान से मारने की धमकी दी थी। उसे पूरा शक है कि आसी को उक्त लोगों ने ही जान लेने के लिए भेजा था। पुलिस ने पूनम की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। काठगोदाम थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि ये घटना बीती 3 फरवरी की है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।